अब तक 39.18 लाख संक्रमित और 2.70 लाख मौतें: संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने कहा- महामारी ने हर जगह नफरत की सुनामी फैलाई

Posted By: Himmat Jaithwar
5/8/2020

वॉशिंगटन. दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 39 लाख 16 हजार 338 लोग संक्रमित हैं। दो लाख 70 हजार 711 की मौत हो चुकी है, जबकि 13 लाख 43 हजार 54 ठीक हो चुके हैं। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने शुक्रवार को कहा कि महामारी ने हर जगह नफरत की सूनामी फैला दी है। इस नफरत को खत्म करने के लिए सभी देशों को प्रयास करना चाहिए। उन्होंने ऑनलाइन मीडिया संस्थानों से नस्लवादी, दुर्भावनापूर्ण कंटेट हटाने की अपील की।

कोरोनावायरस : सबसे ज्यादा प्रभावित 10 देश

देश कितने संक्रमित कितनी मौतें कितने ठीक हुए
अमेरिका 12,92,623 76,928 2,17,250
स्पेन 2,56,855 26,070 1,63,919
इटली  2,15,858 29,958 96,276
ब्रिटेन 2,06,715 30,615 उपलब्ध नहीं
रूस 1,77,160 1,625 23,803
फ्रांस 1,74,791 25,987 55,027
जर्मनी 1,69,430 7,392 1,41,700
ब्राजील 1,35,773 9,190 55,350
तुर्की 1,33,721 3,641 82,984
ईरान 1,03,135 6,486 82,744

ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।

अफ्रीका में 83 हजार से 1.90 लाख मौतें होंगी: डब्ल्यूएचओ

डब्ल्यूएचओ ने गुरुवार को कहा कि संक्रमण से अगर सख्ती से नहीं निपटा गया तो अफ्रीका में 83 हजार से एक लाख 90 हजार तक जान जा सकती है। पहले साल में 2.9 करोड़ से 4.4 करोड़ लोग संक्रमित हो सकते हैं। संगठन ने अपनी नई स्टडी में इसका खुलासा किया है। इसे कई आधार पर तैयार किया गया है।

अमेरिका: 12 लाख से ज्यादा संक्रमित
दुनिया में सबसे ज्यादा 12 लाख 92 हजार 623 मरीज अमेरिका में हैं। यहां दो लाख 17 हजार 250 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं। उधर, अपने सैन्य सहयोगी के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को कहा कि हर दिन उनका कोरोना जांच किया जाता है। संक्रमित अफसर मेरे संपर्क में बहुत कम था।

  • सैन्य सहयोगी का टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद राष्ट्रपति ट्रम्प और उपराष्ट्रपति माइक पेंस का टेस्ट कराया गया था, दोनों का टेस्ट निगेटिव रहा।
  • राष्ट्रपति ट्रम्प ने गुरुवार को फिर कहा- वायरस वुहान की लैब से आया है। किसी गड़बड़ी के कारण ही ऐसा हुआ होगा, कोई तो बेवकूफ रहा होगा।
  • विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने भी दावा किया था कि उन्होंने बहुत सारे सबूत देखें हैं, जो यह साबित करता है कि वायरस वुहान की लैब से आया है।
  • अमेरिका ने चीन की सात कंपनियों के एन-95 मास्क को घटिया बताया। कहा कि जांच में ये मास्क संक्रमण से बचाव करने में सक्षम नहीं पाए गए।
न्यूयॉर्क के एक लैब में वैक्सीन पर काम करते रिसर्चर्स।

पुतिन और ट्रम्प ने फोन पर बातचीत की 
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और राष्ट्रपति ट्रम्प ने महामारी को लेकर गुरुवार को फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों ने एक दूसरे को द्वितीय विश्व युद्ध की जीत की 75वीं वर्षगांठ पर बधाई दी। क्रेमलिन ने बयान में कहा, "वायरस के कारण बनी स्थिति को लेकर की गई चर्चा में द्विपक्षीय सहयोग के सकरात्मक संकेत दिखे। अमेरिका ने रूस को मदद के रूप में चिकित्सक उपकरण भेजने का भी प्रस्ताव दिया है।"

स्पेन: लॉकडाउन में ढील देने के फैसले से नाराज अफसर का इस्तीफा

स्पेन में अब तक 2 लाख 56 हजार 855 संक्रमित हैं, जबकि 26 हजार से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। यहां मैड्रिड शहर सबसे ज्यादा प्रभावित है। सरकार के लॉकडाउन में ढील देने के फैसले से नाराज होकर यहां के स्वास्थ्य प्रमुख योलांडा फ्यून्टेंस ने इस्तीफा दे दिया है। संक्रमण के मामलों में अब कमी आई है। एक दिन पहले यहां करीब तीन हजार मामले सामने आए।

स्पेनिश सिविल गार्ड और मैड्रिड पुलिस अधिकारियों ने मृतकों के लिए एक मिनट का मौन रखा। देश में अब तक 26 हजार से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं।

जर्मनी: 1209 नए केस मिले

जर्मनी में 24 घंटे में संक्रमितों के 1209 नए मामले सामने आए हैं। अब संक्रमितों की संख्या 1 लाख 67 हजार 300 पहुंच गई है। देश में अब तक 7266 लोगों की मौत हो चुकी है। इससे एक दिन पहले देश में 1284 नए मामले सामने आए थे और 123 लोगों की मौत हुई थी। अब तक 1 लाख 41 हजार से ज्यादा मरीज ठीक हो गए हैं।

जर्मनी में बार, क्लब हाउस खोलने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते बार ऑनर्स। देश में संक्रमितों की संख्या 1.67 लाख से ज्यादा है।

रूस: 1.77 लाख संक्रमित

रूस ने गुरुवार को संक्रमण के मामले में जर्मनी और फ्रांस को पीछे छोड़ दिया। दुनिया के सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में यह पांचवें नंबर पर आ गया है। रूस में लगातार छठे दिन 10 हजार से ज्यादा संक्रमित मिले हैं। यहां 24 घंटे में 10 हजार 699 संक्रमित मिले। देश में संक्रमण के मामले एक लाख 87 हजार 859 हो गए हैं। 98 लोगों की जान गई, जबकि कुल 1723 की मौत हो चुकी है।

मॉस्को में मास्क पहने सुरक्षाकर्मी। यहां संक्रमितों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। एक दिन में यहां 11 हजार से ज्यादा केस मिले हैं।

पाकिस्तान: 9 मई को लॉकडाउन हटाएगा
पाकिस्तान ने गुरुवार को घोषणा की कि देश में लगा लॉकडाउन 9 मई से धीरे-धीरे हटाया जाएगा। पीएम इमरान खान ने कहा कि लॉकडाउन के चलते मजदूर, छोटे व्यापारी और जनता को काफी नुकसान हो रहा है। हालांकि, यहां अभी केस बढ़ते जा रहे हैं। अब तक 26 हजार 644 केस मिल चुके हैं, जबकि 593 मौतें हो चुकी हैं।

कराची के एक इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट में दुकानें बंद करने का ऐलान करता पुलिस अधिकारी। सरकार 9 मई से यहां प्रतिबंधों में राहत प्रधान करेगी। 

ब्राजील: 1.35 लाख मरीज
ब्राजील में संक्रमितों की संख्या 1 लाख 35 हजार 106 हो गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि देश में मरने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है। अब यह आंकड़ा 9146 पर पहुंच गया है। देश में 10,503 नए केस मिले हैं। एक दिन पहले 615 लोगों की मौत हुई थी।

ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो सुप्रीम फेडरल कोर्ट के अध्यक्ष के साथ बैठक के लिए जाते। देश में मृतकों की संख्या 9 हजार से ज्यादा हो गई है।

द.अफ्रीका: संक्रमितों की संख्या 8 हजार के पार
दक्षिण अफ्रीका में 424 नए मामले सामने आए हैं। संक्रमितों की संख्या 8,232 हो गई है। यहां 24 घंटे में आठ लोगों की मौत हुई है। मौतों का आंकड़ा 161 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री ज्वेली मखिजे ने ये जानकारी दी। दक्षिण अफ्रीका का पश्चिमी केप प्रांत सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां अब तक 4904 संक्रमित हो चुके हैं। अफ्रीका में अब तक संक्रमण के 55 हजार 364 केस सामने आए हैं, जबकि 2083 मौतें हुई हैं

दक्षिण अफ्रीका के एक स्कूल में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए भोजन के लिए लाइन में लगे लोग।

अर्जेंटीना: संक्रमितों की संख्या 5371 हुई
अर्जेंटीना में 24 घंटे में 163 नए मामले सामने आए हैं। इससे संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5371 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि एक दिन पहले देश में 188 नए मामले सामने आए थे और नौ लोगों की मौत हुई थी। लैटिन अमेरिकी देश अर्जेंटीना में मौजूदा समय में कोरोना से होने वाली मौत की दर 5.2% है।



Log In Your Account