संकटकाल में मदद के हाथ:कैलिफॉर्निया से आज दिल्ली पहुंचेगी सहायता, हर ऑक्सीजन सिलेंडर पर ‘जय हिंद’ लिख यूएस ने भारत भेजी पहली खेप

Posted By: Himmat Jaithwar
4/30/2021

कैलिफॉर्निया के ट्रैविस एयर फोर्स बेस पर इस समय अमेरिकी वायुसेना के जवान में सी-5 एम सुपर गैलेक्सी विमान में मेडिकल सप्लाई लोड करने में जुटे हैं। कोरोना से जंग में मदद के तौर पर यह सप्लाई भारत भेजी जा रही है। रेगुलेटर के साथ ऑक्सीजन सिलेंडर, एन-95 मास्क, रैपिड जांच किट जैसे सामान की खेप विमान में लादने के लिए सैनिकों में होड़ है, क्योंकि हर एक पल कीमती है।

युद्धस्तर पर लादे जा इस सामान में 440 ऑक्सीजन सिलेंडर और रेगुलेटर, 10 लाख एन-95 मास्क और 10 लाख रैपिड जांच किट हैं। अमेरिका से भेजे जा रहे हर ऑक्सीजन सिलेंडर पर ‘जय हिंद’ का स्टीकर लगाया गया है।

अमेरिका की ओर से भारत को भेजी जा रही यह मदद की पहली खेप है। यह सप्लाई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचेगी। इसके बाद आने वाली दिनों में दूसरी खेपें भी एक-एक कर भेजी जाएंगी। यूएस आर्मी जनरल स्टीफन आर लियोन्स कहते हैं कि हमारे जवान इस तरह की सेवा को तेजी से पहुंचाने के लिए सबसे बेहतर हैं।

इस सप्लाई से भारत के हेल्थ और फ्रंटलाइन वर्कर्स को कोरोना के खिलाफ जंग लड़ने में मदद मिलेगी। हमें खुशी है कि हम उन्हें वह पहुंचा रहे हैं जिसकी उन्हें इस समय सबसे ज्यादा जरूरत है। हमारे लिए इससे ज्यादा गर्व की बात और क्या हो सकती है। अमेरिका की एयर मोबिलिटी कमांड गुरुवार शाम तक सप्लाई लेकर भारत पहुंच जाएगी।

व्हाइट हाउस से मिली जानकारी के अनुसार आने वाले दिनों में अमेरिका भारत को 1100 ऑक्सीजन सिलेंडर, 1700 कन्सेन्ट्रेटर, ऑक्सीजन उत्पादन यूनिट, 1.5 करोड़ एन-95 मास्क, कोविशल्ड वैक्सीन के लिए कच्चा माल और 20,000 रेमेडिसविर इंजेक्शन भेजेगा।

दुनिया के 40 देश भारत को मदद भेज रहे हैं। करीब 500 ऑक्सीजन जेनरेटिंग प्लांट, 4000 कन्सेन्ट्रेटर, 10000 सिलेंडर देश को मिलेंगी।

  • ब्रिटेन: 300 से अधिक कन्सन्ट्रेटर समेत 600 मेडिकल डिवाइस भी देगा। साथ ही दवाओं और मेडिकल सामान की कुल 9 खेप भेजी जाएंगी।
  • फ्रांस: दो चरणों में सामान देगा। 8 बड़े ऑक्सीजन प्लांट, 28 रेस्पिरेटर और 200 इलेक्ट्रिक सिरिंज और 5 लिक्विड ऑक्सीजन कंटेनर, वेंटिलेटर आएंगे।
  • चीन: हॉन्गकॉन्ग से 800 ऑक्सीजन कन्सेन्ट्रेटर भारत भेजे गए हैं। आने वाले दिनों में 10 हजार ऑक्सीजन कंसेन्ट्रेटर और भारत भेजे जाएंगे।
  • जर्मनी: तीन महीने के लिए मोबाइल ऑक्सीजन प्लांट देगा। इसके अलावा 120 वेंटिलेटर और करीब आठ करोड़ के एन-95 मास्क भी भेजेगा।
  • ऑस्ट्रेलिया: 500 वेंटिलेटर, 10 लाख मास्क, एन-95 मास्क, एक लाख चश्मे, 1 लाख ग्लव्स, 20 हजार फेस शील्ड देने का वादा किया है।



Log In Your Account