रतलाम तेज़ इंडिया टीवी डेस्क।जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा रिंगनोद थाना प्रभारी आनंद सिंह आजाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए महू-नीमच फोरलेन हाईवे स्थित बरखेड़ी फंटा ढोढर से एक शातिर अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विश्वसनीय मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर जब संदेही को रोका और एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत उसकी तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 1 किलोग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद हुई। जब्त की गई इस मादक सामग्री की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹1 करोड़ आंकी गई है।
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान 52 वर्षीय युनुस पिता नियामत खान पठान निवासी ग्राम व थाना कोटड़ी, जिला प्रतापगढ़ राजस्थान के रूप में हुई है। रिंगनोद थाना पुलिस ने अवैध ड्रग्स को विधिवत जब्त कर आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से एमडी ड्रग्स के मुख्य स्रोत, सप्लाई चेन और इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। रतलाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति के तहत आगे भी ऐसी ही कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। इस सराहनीय कार्रवाई में निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, चौकी प्रभारी रघुवीर जोशी, उपनिरीक्षक राजेश मालवीय और साइबर सेल रतलाम की मुख्य भूमिका रही।