रतलाम में नाबालिग बनी मां! पॉक्सो एक्ट में गंभीर अपराध दर्ज, आरोपी की तलाश में पुलिस

Posted By: Rafik Khan
11/24/2026


रतलाम में नाबालिग बनी मां! पॉक्सो एक्ट में गंभीर अपराध दर्ज, आरोपी की तलाश में पुलिस

रतलाम में नाबालिग बालिका के प्रसव का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। बालिका ने प्रसव पीड़ा के बाद घर पर ही बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद उसे रतलाम के शासकीय मातृ एवं शिशु चिकित्सालय (MCH) में उपचार के लिए लाया गया, नाबालिग ने एक जीवित शिशु को जन्म दिया है। नवजात लड़का है या लड़की, इसकी फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मामला दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। बालिका पास के ग्रामीण क्षेत्र की रहने वाली है। इस पूरे मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि बालिका के संबंध में पूर्व में अपहरण का मामला भी दर्ज होने की जानकारी सामने आ रही है।

सूत्रों के मुताबिक, पूर्व में अपहरण के आरोपों से जुड़े व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर बालिका को अपने साथ पत्नी के रूप में रखा जा रहा था। इसी दौरान बालिका गर्भवती हुई और अब प्रसव का मामला सामने आया है। हालांकि, पुराने अपहरण के मामले और वर्तमान घटनाक्रम के बीच संबंधों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

अस्पताल से मिली सूचना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की। लिखित शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5(J)(ii)/6 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस अब आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

इस पूरे मामले को लेकर रतलाम शहर सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि अस्पताल से पुलिस को नाबालिग बालिका के प्रसव की जानकारी मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की तह तक जाएगी और आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

फिलहाल इस मामले में कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पूर्व में दर्ज अपहरण के मामले की सच्चाई क्या है? नाबालिग बालिका किन परिस्थितियों में गर्भवती हुई? और इस पूरे घटनाक्रम में कौन-कौन शामिल है? इन सभी सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे।

अब देखना होगा कि पुलिस जांच में इस गंभीर मामले के और कौन से तथ्य सामने आते हैं और आरोपी की गिरफ्तारी कब तक होती है।



Log In Your Account