रतलाम में चुनावी रंजिश में हमले की आशंका, 10 से अधिक नकाबपोशों ने कार में की तोड़फोड़, दो घायल
रतलाम। सैलाना बस स्टैंड स्टेशन रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत MCH अस्पताल के सामने बुधवार रात बदमाशों ने एक फोर व्हीलर वाहन को रोककर जमकर तोड़फोड़ की और उसमें सवार लोगों के साथ मारपीट की। घटना में दो लोग घायल हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, 10 से अधिक नकाबपोश हमलावरों ने अचानक कार पर हमला किया। घटनास्थल पर पुलिस को वाहन से धारदार हथियार मिलने की जानकारी भी सामने आई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मामला राजस्थान के बांसवाड़ा जिले की दानपुर तहसील में हुए सरपंच और उपसरपंच चुनाव से जुड़ा हो सकता है। चुनावी रंजिश को हमले की संभावित वजह माना जा रहा है।
घायलों की पहचान चंद्रवीर सिंह (48), उपसरपंच निवासी दानपुर, और भीमा अशोक गुर्जर (39), निवासी सैलाना बस संचालक के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, चंद्रवीर सिंह लगातार उपसरपंच का चुनाव जीतते आ रहे हैं। उन्हें भाजपा का समर्पित कार्यकर्ता भी बताया जा रहा है। हाल ही में उन्होंने एक बार फिर उपसरपंच का चुनाव जीता है।
घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस द्वारा एक संदिग्ध को राउंडअप किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
फिलहाल हमले के कारणों और आरोपियों की भूमिका को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। मामले में अंतिम निष्कर्ष पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।