रतलाम में खुलेआम शराबखोरी पर आबकारी विभाग का एक्शन, 10 से अधिक ढाबों पर ताबड़तोड़ चेकिंग
सेजावता बायपास से लेकर शहर के कई इलाकों तक पहुंची आबकारी टीम,कई ढाबों पर की जांच; शराब पीते मिले लोग, संचालकों को दी सख्त हिदायत ओर की कार्यवाही।
रतलाम। शहर और आसपास के क्षेत्रों में ढाबों पर खुलेआम शराबखोरी की गतिविधियों को लेकर आबकारी विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। इसी के चलते रतलाम आबकारी विभाग की टीम ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाते हुए 10 से अधिक ढाबों पर एक के बाद एक कई ढाबों पर चेकिंग की।
आबकारी इंस्पेक्टर पुष्पराज सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर ढाबों की जांच की। इस दौरान सेजावता बायपास क्षेत्र सहित कई स्थानों पर लोग खुलेआम बैठकर शराब पीते हुए मिले। कार्रवाई के दौरान टीम ने ढाबों पर शराब पीने-पिलाने से जुड़ी गतिविधियों की जांच की और संबंधित संचालकों को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत देते हुई कार्यवाही की।
सर्च ऑपरेशन के दौरान बायपास क्षेत्र के ढाबों पर विशेष रूप से कार्रवाई की गई। इसके अलावा रतलाम शहर के स्टेशन रोड क्षेत्र और काला-गोरा क्षेत्र के ढाबे भी आबकारी विभाग की जांच के दायरे में रहे। टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर ढाबा संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की।
आबकारी विभाग की इस अचानक हुई कार्रवाई से ढाबा संचालकों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली। विभाग की टीम ने स्पष्ट हिदायत दी कि नियमों के विपरीत शराब पीने-पिलाने की गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
अब बड़ा सवाल यह है कि शहर और बायपास के ढाबों पर खुलेआम शराबखोरी की गतिविधियों पर स्थायी रोक कब लगेगी? क्या आबकारी विभाग का यह सर्च ऑपरेशन आगे भी लगातार जारी रहेगा या फिर कुछ दिनों की कार्रवाई के बाद स्थिति दोबारा पहले जैसी हो जाएगी?
फिलहाल आबकारी विभाग की इस कार्रवाई ने शहर में ढाबों पर चल रही शराबखोरी की गतिविधियों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
तेज इंडिया TV | सच की तस्वीर