पुराने कबाड़ से अवैध और जहरीली शराब बनाने व बेचने वालों तक पहुंचेगी आबकारी विभाग की जांच! खाली शराब की बोतलों और ढक्कनों की खरीद-फरोख्त पर विभाग की नजर, कबाड़ गोदामों में सर्चिंग के साथ अवैध शराब पिलाने वालों पर भी कार्रवाई।

Posted By: Rafik Khan
11/16/2026

पुराने कबाड़ से अवैध और जहरीली शराब बनाने व बेचने वालों तक पहुंचेगी आबकारी विभाग की जांच!
खाली शराब की बोतलों और ढक्कनों की खरीद-फरोख्त पर विभाग की नजर, कबाड़ गोदामों में सर्चिंग के साथ अवैध शराब पिलाने वालों पर भी कार्रवाई।

रतलाम। शहर में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों तक पहुंचने के लिए आबकारी विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार शाम आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर पुष्पराज सिंह और सचिन भास्करे के नेतृत्व में करीब 10 सदस्यों की टीम ने अचानक कबाड़ गोदामों पर पहुंचकर सर्चिंग ऑपरेशन चलाया।

इस दौरान टीम ने कबाड़ व्यापारियों से खाली शराब की बोतलों और शराब की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले ढक्कनों की खरीद-फरोख्त को लेकर जानकारी जुटाई। अधिकारियों ने व्यापारियों से पूछा कि आखिर इन खाली बोतलों और ढक्कनों को कौन खरीद रहा है? क्या कोई व्यक्ति बड़ी मात्रा में इनकी मांग लेकर आता है?

आबकारी विभाग ने कबाड़ व्यापारियों को सख्त निर्देश दिए कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति इस तरह की सामग्री खरीदने आता है या अवैध गतिविधियों से जुड़ी कोई जानकारी मिलती है तो तत्काल विभाग को सूचित करें।

दरअसल, विभाग की इस कार्रवाई का मकसद पुराने कबाड़ से लेकर अवैध और जहरीली शराब बनाने तथा बेचने वाले संभावित नेटवर्क तक पहुंचना है। विभाग यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि कहीं खाली शराब की बोतलों और ढक्कनों का इस्तेमाल अवैध शराब की पैकिंग और बिक्री में तो नहीं किया जा रहा है।

सैलाना बस स्टैंड के पीछे भी अचानक दबिश, मची अफरा-तफरी

कबाड़ गोदामों में सर्चिंग के साथ ही आबकारी विभाग की टीम ने शहर के सैलाना बस स्टैंड के पीछे स्थित एक मैदान में भी अचानक दबिश दी। यहां खुले में लोगों को बैठाकर शराब पिलाने और शराब सेवन की गतिविधियों पर कार्रवाई की गई।

आबकारी विभाग की टीम को अचानक मौके पर देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोग इधर-उधर जाते नजर आए। टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से शराब पिलाने की गतिविधियों पर सख्ती दिखाई और संबंधित लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की।

अवैध गुमटियों पर सख्ती, नगर निगम को लिखा जाएगा पत्र

कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग की टीम ने अवैध रूप से शराब पिलाने की गतिविधियों में इस्तेमाल हो रही गुमटियों के संचालकों को भी सख्त हिदायत दी। अधिकारियों ने संबंधित गुमटियों और दुकानों को बंद करवाया।

आबकारी अधिकारियों के अनुसार, इन गुमटियों को हटाने और जब्त करने की कार्रवाई के लिए नगर निगम को पत्र लिखा जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध रूप से शराब पिलाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

आबकारी विभाग की प्रभावी कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हलचल

शहर में एक ही दिन कबाड़ गोदामों की सर्चिंग और अवैध रूप से शराब पिलाने वालों के ठिकानों पर अचानक दबिश से आबकारी विभाग की सक्रियता नजर आई। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को सख्त संदेश गया है कि ऐसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अब सबसे बड़ा सवाल...

आखिर रतलाम में खाली शराब की बोतलों और ढक्कनों की खरीद-फरोख्त के पीछे कौन लोग हैं?

क्या आबकारी विभाग की जांच अवैध और जहरीली शराब बनाने तथा बेचने वालों तक पहुंचेगी? क्या इस कार्रवाई से शराब के संभावित अवैध नेटवर्क का पर्दाफाश हो पाएगा?

अब देखना होगा कि आबकारी विभाग की यह मुहिम कितनी आगे जाती है और जांच में किन तथ्यों का खुलासा होता है।

तेज़ इंडिया टीवी | सच की तस्वीर, जनता की आवाज़



Log In Your Account