इंदौर का प्रभार बदलते ही सियासत गरमाई! CM मोहन यादव पर जीतू पटवारी का तंज, चैतन्य काश्यप को मिली तीन जिलों की जिम्मेदारीn

Posted By: Rafik Khan
11/26/2026


तेज़ इंडिया टीवी। भोपाल। मध्य प्रदेश की सियासत में इंदौर जिले के प्रभारी मंत्री की जिम्मेदारी में बदलाव के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर जिले का प्रभार छोड़ दिया है। अब यह जिम्मेदारी रतलाम विधायक एवं कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप को सौंपी गई है। सामान्य प्रशासन विभाग ने 25 नवंबर 2026 को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया।

इस नियुक्ति के साथ ही मंत्री चैतन्य काश्यप के पास अब भोपाल, राजगढ़ और इंदौर सहित तीन जिलों का प्रभार हो गया है। इससे पहले अगस्त 2024 से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं इंदौर जिले के प्रभारी मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

प्रभार बदलते ही जीतू पटवारी ने साधा निशाना

इंदौर का प्रभार बदलने के फैसले पर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर तंज कसा है।

पटवारी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि देश के सबसे स्वच्छ शहर में भाजपा द्वारा फैलाई गई राजनीतिक गंदगी और इंदौर की बदहाली से घबराकर मुख्यमंत्री ने प्रभार छोड़ दिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिम्मेदारी से भागना भाजपा का चरित्र है।

भागीरथपुरा की घटना और कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

जीतू पटवारी ने अपनी पोस्ट में इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी के मामले में हुई मौतों, कथित भ्रष्टाचार, बढ़ते अपराध, नशे और कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब जनता जवाब मांगने लगी और कांग्रेस ने जवाबदेही तय करने की मांग की, तब मुख्यमंत्री ने इंदौर का प्रभार छोड़ दिया।

पटवारी ने मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए लिखा कि प्रभारी मंत्री का पद छोड़ने से जिम्मेदारी खत्म नहीं होती। इंदौर की जनता की पीड़ा और उसके सवाल किसी नए प्रभारी मंत्री की नियुक्ति से समाप्त नहीं होंगे। उन्होंने कांग्रेस की ओर से जवाबदेही की मांग जारी रखने की बात भी कही।

अब तीन जिलों की जिम्मेदारी संभालेंगे चैतन्य काश्यप

शासन के नए आदेश के बाद मंत्री चैतन्य काश्यप अब भोपाल, राजगढ़ और इंदौर जिले के प्रभारी मंत्री होंगे। इंदौर जैसे प्रदेश के महत्वपूर्ण आर्थिक और औद्योगिक केंद्र की जिम्मेदारी मिलने के बाद अब उनके सामने जिले के विकास कार्यों, प्रशासनिक समन्वय और जनसमस्याओं की समीक्षा की भी जिम्मेदारी रहेगी।

फिलहाल शासन के आदेश में इंदौर का प्रभार बदलने का कोई कारण नहीं बताया गया है, लेकिन इस फैसले के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।



Log In Your Account