मशहूर सितारवादक देबू चौधरी का संक्रमण की वजह से निधन; एक्टर बिक्रमजीत कंवरपाल भी नहीं रहे

Posted By: Himmat Jaithwar
5/1/2021

मशहूर सितार वादक और पद्मभूषण पंडित देवव्रत चौधरी उर्फ देबू चौधरी का शनिवार सुबह निधन हो गया। वे 85 साल के थे। कोरोना पॉजिटिव होने के बाद उन्हें बुधवार रात दिल्ली के एक हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा था। लॉकडाउन की वजह से उन्हें पुलिस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उधर, अभिनेता बिक्रमजीत कंवरपाल भी कोरोना की जंग हार गए। वे 52 साल के थे।

बेटे ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
देबू चौधरी के बेटे प्रतीक चौधरी ने सोशल मीडिया के जरिए उनके निधन की खबर दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार देर रात उन्हें हार्ट अटैक आया था। भारत सरकार ने 1992 में कला के क्षेत्र में शानदार योगदान के लिए उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया था। उन्होंने सेनिआ संगीत घराना के पंचू गोपाल दत्ता और संगीत आचार्य उस्ताद मुश्ताक अली खान से संगीत की शिक्षा ली की थी।

अशोक पंडित ने दी श्रद्धांजलि
वहीं, फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने एक्टर के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि आज सुबह कोरोना की वजह से अभिनेता मेजर बिक्रमजीत कंवरपाल के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। वे एक रिटायर्ड आर्मी ऑफिसर थे, जिन्होंने कई फिल्मों और टीवी सीरियलों में काम किया था।

इन फिल्मों में दिखे ब्रिकमजीत
भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद बिक्रमजीत ने 2003 में एक्टिंग की शुरुआत की। उन्होंने पेज-3, रॉकेट सिंह: सेल्समैन ऑफ द ईयर, आरक्षण, मर्डर-2, 2 स्टेट्स और द गाजी अटैक जैसी फिल्मों में काम किया।

बीते दिन 3500 से ज्यादा मौतें
देश में शुक्रवार को रिकॉर्ड 4 लाख 1 हजार 911 नए संक्रमितों की पहचान हुई। यह दुनिया के किसी भी देश में एक दिन में मिले संक्रमितों की सबसे बड़ी संख्या है। मौत के आंकड़ों की बात करें, तो दुनिया में सबसे ज्यादा मौतें भी भारत में हो रही हैं। बीते दिन भारत में 3,521 मौतें रिकॉर्ड की गई। दुनिया में बीते 24 घंटे में हुई मौत में हर चौथी मौत भारत में हुई।



Log In Your Account