अब तक 88 हजार मौतें: ब्रिटेन में 24 घंटे में 938 लोगों ने दम तोड़ा, प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की हालत स्थिर, अभी भी आईसीयू में भर्ती

Posted By: Himmat Jaithwar
4/9/2020

वॉशिंगटन/लंदन/रोम. दुनियाभर में कोरोनावायरस से अब तक 88 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। 15 लाख 17 हजार संक्रमित हैं, जबकि तीन लाख 30 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, ब्रिटेन में 24 घंटे में 938 लोगों ने दम तोड़ा है। देश में मौतों का आंकड़ा सात हजार से ज्यादा हो गया है, जबकि 60 हजार 733 लोग संक्रमित हैं। उधर, कोरोना से संक्रमित ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन अभी भी आईसीयू में हैं। 10 डाउनिंग स्ट्रीट के प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि प्रधानमंत्री का हौसला बहुत मजबूत है। उनकी हालत अब बेहतर है। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सोमवार रात लंदन के सेंट थॉमस अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया था।

डब्ल्यूएचओ महानिदेशक को जान से मारने की धमकी
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक टेड्रोस एडहोनम गेब्रेयेसिएस ने बुधवार को खुलासा किया कि कोरोना से लड़ाई अभियान के दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है। उन्होंने संवाददाता सम्मेलन के दौरान अमेरिका और चीन समेत सभी देशों को कोरोना पर राजनीति नहीं करने की सलाह दी। इसके बाद एक सवाल के जवाब में कहा कि वे व्यक्तिगत तौर पर निशाना बनाए जाने की परवाह नहीं करते। पिछले तीन महीने में मुझे कई तरह के अपशब्द कहे गए। मुझे नीग्रो और अश्वेत कहा गया। यहां तक कि जान से मारने की धमकी भी दी गई। मैंने कोई प्रत्युत्तर नहीं दिया। उन्होंने बताया कि जान से मारने की धमकी ताइवान से किसी ने दी। कार्रवाई करने की बजाय ताइवान के अधिकारी उनकी ही आलोचना करने लगे। उन्होंने कहा कि हां वह नीग्रो और अश्वेत हैं और उन्हें इस बात का गर्व है।

  • गेब्रेयेसिएस ने कहा- कोरोना से हर मिनट लोग मर रहे हैं। यदि हम जल्दी एकजुट नहीं हुए तो स्थिति और खराब हो सकती है। कोरोना के बारे में अब भी बहुत कुछ हमें पता नहीं है। यह एक नया वायरस है। हमें पता नहीं कि आगे जाकर यह कैसे व्यवहार करेगा। इसलिए हमारा एकजुट होना पहले से कहीं अधिक जरूरी है।
  • इससे पहले गेब्रेयेसिएस ने कहा था कि डब्ल्यूएचओ द्वारा कोरोना को एक अज्ञात वायरस के रूप में अधिसूचित किए हुए गुरुवार को 100 दिन हो रहे हैं। इन 100 दिनों में इस वायरस ने पूरी दुनिया को बदलकर रख दिया है। यह नया वायरस है इसलिए हमें और आश्चर्यों का सामना करना पड़ेगा।

अमेरिका: ट्रम्प का फिर डब्ल्यूएचओ पर हमला

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को डेली प्रेस ब्रिफेंग के दौरान कहा- डब्ल्यूएचओ महामारी से गलत तरीके से निपटा। उसे अपनी प्राथमिकताएं सही रखनी चाहिए। बीबीसी ने अपनी रिपोर्ट में ट्रम्प के हवाले से कहा, ‘‘एजेंसी को फंडिंग जारी रखनी चाहिए या नहीं, इस पर अमेरिका अध्ययन कर पुनर्विचार करेगा।’’ डब्ल्यूएचओ ने चीन का गलत तरीके से पक्ष लिया, इस पर जोर देते हुए ट्रम्प ने कहा- संगठन को चाहिए था कि हर किसी के साथ समान और सही व्यवहार करे, लेकिन ऐसा लगा नहीं। अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ ने बुधवार को कहा- प्रशासन डब्ल्यूएचओ के संबंध में हमारी फंडिंग का पुनर्मूल्यांकन कर रहा है। संगठनों को काम करना होगा। जिस मकसद के लिए उन्हें बनाया गया है, उन्हें वह परिणाम देने होंगे।

  • अमेरिका में कोरोना से लगभग 11 भारतीयों की मौत हो गई है। अन्य 16 लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। वहीं, अमेरिका में 24 घंटे में 1,973 लोगों ने दम तोड़ा है। इसके साथ ही देश में अब तक 14 हजार 787 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि चार लाख 34 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं।

  • नए रिसर्च में इसके संकेत मिले हैं कि कोरोनोवायरस फरवरी के मध्य में न्यूयॉर्क क्षेत्र में फैलना शुरू हो गया था। यह मुख्य रूप से यूरोप से लौटे यात्रियों द्वारा लाया गया था, न कि एशिया के।

  • न्यूयॉर्क के गवर्नर गैविन क्यूमो ने बुधवार को कहा- राज्य में पिछले 24 घंटे में 779 लोगों की मौत हुई है। यह एक दिन में मरने वालों का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। एक दिन पहले यहां 731 लोगों की मौत हुई थी।

  • न्यूयॉर्क में अब तक एक लाख 51 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। यह आंकड़ा यूरोप के सबसे ज्यादा प्रभावित स्पेन, इटली और जर्मनी से भी ज्यादा है। वहीं, यहां छह हजार 268 लोगों की जान जा चुकी है।

  • न्यू जर्सी के गवर्नर फिलिप मर्फी ने कहा- यहां एक दिन में 275 लोगों की जान गई, एक दिन पहले 232 लोग मारे गए थे। यहां अब तक 1504 मौतें हो चुकी हैं।

  • वहीं, कनेक्टिकट में बुधवार को 49 लोगों ने दम तोड़ा। यहां एक दिन पहले 71 जान गई थी। यहां अब तक 335 लोगों की मौत हो चुकी है।

  • एक विश्लेषण से पता चला कि कोरोनावायरस का असर अमेरिका में रहने वाले काले लोगों पर ज्यादा पड़ा है। शिकागो की कुल आबादी का 30% हिस्सा अफ्रीकी-अमेरिकियों का है। इनमें से 68% की मौत कोरोना से हो गई है। सोमवार को मीडियो ब्रीफिंग में शिकागो की मेयर लोरी लाइटफुट ने कहा, ‘‘ यही हाल उत्तरी कैरोलिना, लूसियाना, मिशिगन, विस्कॉन्सिन और राजधानी वाशिंगटन का भी है।’’
  • सीएनएन के मुताबिक, नेवाडा के गवर्नर स्टीव सिसोलक ने गुरुवार को कहा कि राज्य में आउटडोर मिटिंग्स, जिम, स्वीमिंग पूल और गोल्फ कोर्स समेत अन्य मनोरंजन स्थलों को अगली सूचना तक बंद कर दिया जाएगा। लोग अपनी निजी जगहों पर खेल सकते हैं। यहां फर्नीचर स्टोर्स, रीटेल शोरूम भी बंद कर दिए जाएंगे।
अमेरिका: ब्रूकलिन में एक घर के बाहर स्‍टैच्‍यू ऑफ ल‍िबर्टी को मास्क पहनाया गया है। यहां न्यूयॉर्क सबसे ज्यादा प्रभावित है। राज्य में एक लाख 51 हजार से ज्यादा लोग कोरोना से संक्रमित हैं।

चीन: 63 नए मामले
चीन में बुधवार को कोरोना से जुड़े 63 नए मामले सामने आए हैं। इनमें 61 केस देश से बाहर से आए लोगों के हैं। एक दिन पहले यहां 62 केस मिले थे। हुबेई प्रांत में बुधवार को दो मौतें हुई। एक रिपोर्ट में बताया गया कि कुल 17 नए संदिग्ध मामले सामने आए हैं। चीन के हेल्थ कमीशन के मुताबिक, देश में अब तक 81 हजार 865 लोग संक्रमित हैं, जबकि 3.335 की मौत हो चुकी है।

यह तस्वीर चीन में कोरोना का केंद्र रहे वुहान शहर की है। 8 अप्रैल को करीब 11 हफ्तों के बाद यहां लॉकडाउन हटा दिया गया है। यहां लोग अब अपने घरों से निकलने लगे हैं।

रूस: विदेश में फंसे अपने 1200 नागरिकों को वापस लाया
विदेश में फंसे अपने 1,211 नागरिकों को वापस लाने के लिए रूस ने पिछले दो दिनों में आठ उड़ानें शुरू कीं। परिवहन मंत्रालय ने कहा, “पहले उप परिवहन मंत्री अलेक्जेंडर नेराडको ने सात और आठ अप्रैल को रूसी नागरिकों को वापस लाने वाली उड़ानों के बारे में जानकारी दी। इन दो दिनों में कुल 8 उड़ानों से 1211 नागरिकों को वापस लाया गया है। ” बयान में कहा गया कि रूस में 20 मार्च से अब तक एक लाख 64 हजार 600 नागरिक घर आ चुके हैं। देश में अब तक आठ हजार 672 संक्रमित हैं, जबकि 63 लोगों की मौत हो चुकी है।

रूस: न्यूयॉर्क से लौटे यात्रियों की जांच के लिए जाते स्वास्थ्यकर्मी। रूस ने 1200 से ज्यादा अपने नागरिकों को विदेश से वापस लाया है।

द. अफ्रीका: लॉकडाउन नियम तोड़ने पर मंत्री 2 महीने के लिए सस्पेंड

दक्षिण अफ्रीका की संचार मंत्री स्टेला अंदाबेन को लॉकडाउन नियम तोड़ने पर दो महीने के लिए निलंबित कर दिया गया। उन पर आरोप है कि वे कुछ लोगों के साथ लंच पर गईं थीं। कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें वायरल हुई थीं। इसमें वे अपने कुछ दोस्तों के साथ लंच कर रही थीं। तस्वीरों में पांच लोग नजर आ रहे थे। इसके बाद अफ्रीकी राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने बुधवार को उन्हें दो महीने की छुट्टी पर भेज दिया। साथ ही उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए भी कहा। देश में 21 दिन का लॉकडाउन लगाया गया है। यहां 1749 लोग संक्रमित हैं, जबकि 13 लोगों की मौत हो चुकी है।

द. कोरिया: अब तक 10,423 संक्रमित
दक्षिण कोरिया में बुधवार को कोरोना के 39 नए मामलों की पुष्टि हुई। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10,423 हो गई है। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय के रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (केसीडीसी) ने गुरुवार को बताया कि कोरोना से मरने वालों की संख्या 204 हो गई है। महामारी से अब तक 6,973 लोग ठीक हो चुके हैं। देश में अब तक चार लाख 68 हजार से ज्यादा लोगों को टेस्ट किया जा चुका है।

दक्षिण कोरिया: एडमिरल यी सन-शिन की कांस्य प्रतिमा को साफ करता कर्मचारी। 16वीं शताब्दी में उन्होंने जापान पर जीत हासिल की थी।

पेरू: 26 अप्रैल तक आपातकाल बढ़ा
पेरू प्रशासन ने कोरोनावायरस के मद्देनजर देश में 26 अप्रैल तक आपातकाल बढ़ा दी है। राष्ट्रपति मार्टिन विजकारा ने कहा, “आपातकालीन स्थिति को अगले दो हफ्ते यानी 26 अप्रैल तक बढ़ाना जरूरी है। कोरोना के खिलाफ सबसे कठिन समय सामने आ रहा है ऐसे में हम उससे लड़ने के अपने प्रयासों को कम नहीं कर सकते।” पेरू में 16 मार्च को 15 दिनों के लिए आपातकाल लगाया गया था, लेकिन फिर इसे 12 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया था। पेरू में कोरोना से संक्रमित 4342 मामलों की पुष्टि हुई है जबकि 121 लोगों की मौत हो चुकी है।

सर्बिया: राष्ट्रपति एलेक्जेंडर वुसिक ने बेटे के संक्रमित होने की घोषणा की
सर्बिया के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर वुसिक ने बुधवार को अपने बेटे डेनिलो के कोरोनावायरस से संक्रमित होने की घोषणा की। वुसिक ने ट्वीट किया, “जब यह सब शुरू हुआ, तो मेरे बेटे डानिलो ने कहा कि हार मानना ​​कोई विकल्प नहीं है। मेरा पहला बच्चा कोरोना से संक्रमित था और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बेटे, तुम यह भी जीतोगे। तुम्हारे पिता तुमसे प्यार करते हैं और हर कोई तुमसे प्यार करता है।” सर्बिया में अब तक 2,666 मामलों की पुष्टि हुई है जबकि 65 लोगों की मौत हो चुकी है।

कोरोनावायरस : सबसे ज्यादा प्रभावित 10 देश

देश कितने संक्रमित कितनी मौतें कितने ठीक हुए
अमेरिका 4,35,128 14,795 22,891
स्पेन 1,48,220   14,792 48,021
इटली  1,39,422 17,669 26,491
जर्मनी 1,13,296 2,349    46,300
फ्रांस 1,12,950 10,869     

21,254

चीन  81,865 3,335 77,370
ईरान  64,586  3,993  29,812
ब्रिटेन 60,733 7,097 135
तुर्की  38,226 812 1,846
बेल्जियम 23,403     2,240 4,681

स्रोत: https://www.worldometers.info/coronavirus/



Log In Your Account