3 साल पहले पत्नी गायब हुई थी; भांजे पर जता रहा था शक, इसी विवाद पर चाकू गोदकर मामा की ले ली जान

Posted By: Himmat Jaithwar
6/29/2021

जबलपुर। जबलपुर के कैंट क्षेत्र में भांजे ने मामा की चाकू गोदकर हत्या कर दी। मृतक की पत्नी तीन साल से गायब है। उसे संदेह था कि पत्नी के गायब होने के पीछे भांजा का हाथ है और उसे पता है। इसी बात को लेकर सोमवार देर रात दोनों में विवाद हुआ। इसी दौरान भांजा ने चाकू से गोदकर मामा की हत्या कर दी।

कैंट पुलिस के अनुसार, कवर्धा हाउस शीला टॉकीज के पास रहने वाला सोनू उर्फ दिनेश अहिरवार (38) सब्जी का ठेला लगाता है। उसकी पत्नी तान्या तीन साल पहले घर से गायब है। तब से उसका पता नहीं चला। घमापुर सिद्धबाबा रोड निवासी जशवंत यादव के मकान में उसकी बहन मीरा भांजे हनी के साथ रहती है। भांजा हनी उर्फ हिमांशु जैसवार (24) भी सब्जी का ठेला लगाता है। दिनेश को अपने भांजे हनी पर संदेह था कि उसकी पत्नी के गायब होने के पीछे उसका हाथ है।

सोमवार को आया था भांजा
सोमवार को हनी अपने मामा दिनेश अहिरवार के घर गया था। बताते हैं कि रात 11.30 बजे के लगभग उसका मामा दिनेश से तान्या को लेकर विवाद करने लगा। हनी ने विवाद के दौरान जेब से चाकू निकाला और मामा के छाती, चेहरे और गले के पास ताबड़तोड़ वार कर लहूलुहान कर दिया। चीख सुनकर दिनेश के पिता अमावस अहिरवार व मां पहुंची तो आरोपी चाकू लहराते हुए फरार हो गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ा
परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना डायल-100 पर दी। FRV और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल दिनेश को लेकर तुंरत विक्टोरिया रवाना हुई। विक्टोरिया से दिनेश को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जहां पहुंचने से पहले दिनेश ने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को मॉर्चुरी में रखवा दिया। मंगलवार पंचनामा के बाद पीएम की कार्रवाई हुई। कैंट पुलिस पिता अमावस की शिकायत पर आरोपी हनी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश जारी है।



Log In Your Account