ब्राजील के कोर्ट का राष्ट्रपति बोल्सोनारो को 48 घंटे में कोरोना रिपोर्ट सौंपने का आदेश, अमेरिका के दो जंगी जहाजों के सभी क्रू मेंबर्स की जांच पूरी

Posted By: Himmat Jaithwar
5/1/2020

वॉशिंगटन. दुनिया में अब तक कोरोना से 33 लाख लाख 31 हजार 40 संक्रमित मिले हैं। 2 लाख 34 हजार 245 मौतें हुई हैं और 10 लाख 43 हजार 245 लोग ठीक हुए हैं। अमेरिका इससे सबसे अधिक प्रभावित है। यहां पर 1 लाख 95 हजार 304 संक्रमित मिले हैं, 63 हजार 871 मौतें हुई हैं और 1 लाख 55 हजार 737 लोग स्वस्थ्य हुए हैं। ब्राजील की एक अदालत ने राष्ट्रपति बोल्सोनारो को 48 घंटे में अपनी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। उनके टेस्ट रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की मांग के साथ एक याचिका दायर की गई थी। इस पर सुनवाई करते हुए जज एना ल्यूसिया पेट्री बेट्‌टो ने यह आदेश दिया। बोल्सोनारो मार्च में अमेरिका गए थे। इस दौरे पर उनके साथ गए 20 लोग लौटने पर पॉजिटिव मिले थे। इसके बाद से ही उनकी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की जा रही थी। अगर 48 घंटे के अंदर वे रिपोर्ट नहीं सौंपते हैं तो उन्हें हर दिन 5 हजार रेइस (करीब 69 हजार रु.) का जुर्माना देना होगा। 

अमेरिकी नेवी के दो पोतों के सभी क्रू मेम्बर्स की जांच पूरी

अमेरिकी नेवी के दो पोतों के सभी क्रू मेम्बर्स की जांच पूरी कर ली गई है। थियोडोर रूजवेल्ट और यूएसएस किड पर कोरोना संक्रमित मिले थे। इसके बाद दोनों जहाजों पर मौजूद नौसैनिकों की जांच शुरू की गई थी। रूजवेल्ट पर 1 हजार 102 एक्टिव केस मिले हैं। इस पोत के 53 सेलर्स 14 दिनों के क्वारैंटाइन में रहने के बाद स्वस्थ हो गए हैं और दो की रिपोर्ट निगेटिव आई है।  तीन सेलर्स का यूएस नेवल अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनमें से कोई भी आईसीयू में भर्ती नहीं है। वहीं, यूएसएस किड पर 78 एक्टिव केस मिले हैं। एक्टिव मिले क्रू मेंबर्स को क्वारैंटाइन कर दिया गया है। 

अमेरिकी पोत थियोडोर रूजवेल्ट फिलहाल एप्रा हार्बर के गुआम नेवल बेस पर खड़ा है।

चीन में आज 12 नए मामले सामने आए

चीन में शुक्रवार को 12 नए मामले मिले। इसके साथ ही ऐसे मामले भी बढ़ रहे हैं जिनमें लक्षण नजर नहीं आ रहे। देश के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) ने शुक्रवार को जानकारी दी कि बिना लक्षण वाले 25 लोग पॉजिटिव मिले हैं। अब ऐसे संक्रमितों की संख्या 981 हो गई है। इनमें 115 विदेशी हैं जिन्हें निगरानी में रखा गया है। हुबेई के स्वास्थ्य आयोग के मुताबिक, यहां पिछले 27 दिन में कोई संक्रमित नहीं मिला है। हालांकि वुहान समेत राज्य के अन्य स्थानों के 631 ऐसे लोग निगराने में रखे गए हैं, जिनमें कोई लक्षण नहीं दिखे हैं। चीन में संक्रमितों की संख्या 82 हजार 874 मामले, 599 का इलाज चल रहा है। अब तक 4 हजार 633 की मौत हुई है और 77 हजार 642 लो ठीक हुए हैं। 

चीन की दिवार पर मुटियानु खंड पर जाते पर्यटक, यहां लॉकडाउन हटा लिया गया है।

जापान में 187 नए संक्रमित मिले

जापान में पिछले 24 घंटे में 187 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही यहां पर संक्रमितों की संख्या 14 हजार 1993 हो गई है। अब तक देश में 458 मौतें हुई हैं। इनमें 712 केस और 13 मौतें डायमंड प्रिंसेज क्रूज शिप से जुड़े हैं। जापान सोमवार को लॉकडाउन का समय आगे बढ़ाने के बारे में ऐलान करेगा। सरकार ने फिलहाल 6 मई तक ही लॉकडाउन की घोषणा की है। प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने भी गुरुवार को कहा था कि संक्रमण को देखते हुए देश में लॉकडाउन बढ़ाया जा सकता है।

जापान के नागोया रेलवे स्टेशन पर लोगों का तापमान मापते स्वास्थ्यकर्मी।

जर्मनी ने कई तरह की सहूलियतों का एलान किया

इस बीच, जर्मनी ने सोमवार से लॉकडाउन में कई सहूलियतें देने का ऐलाना किया है। सरकार ने सोमवार से म्यूजियम, चर्च, छोटी दुकानें और खेल के मैदानों को खोलने की मंजूरी दी है। हालांकि, लोगों के लिए सुरक्षा उपायों को अपनाना जरूरी होगी। जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल ने सभी राज्यों से इस पर सलाह करने के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी।मर्केल ने कहा कि लॉकडाउन में कुछ छूट दी जा रही है, लेकिन लोग अगर सोशल डिस्टेंसिंग भूले तो संक्रमण का फैलना खतरा है। हमें एक साथ मिलकर संक्रमण की संख्या कम करने के लिए आगे भी काम करना होगा।

जर्मनी के म्यूंस्टर में गुरुवार को एक बैंक के सामने मास्क लगार अंदर जाने का इंतजार करते लोग

खाड़ी देशों में सऊदी अरब और कतर सबसे ज्यादा प्रभावित
खाड़ी देशों में कोरोना भी संक्रमण बढ़ रहा है। इन देशों में सऊदी अरब और कतर संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। इन दोनों देशों में गुरुवार को जारी किये गये आंकड़ों के अनुसार सऊदी अरब में अब तक 22 हजार 753 मामले सामने आए हैं और 162 लोगों की जान गई थी। वहीं, कतर में संक्रमितों की संख्या 13 हजार 400 है और अब तक10 लोगों की मौत हुई है। खाड़ी के अन्य देशों में संयुक्त अरब अमीरात में 12 हजार 400 लोग संक्रमित मिले हैं और 105 मौतें हुई हैं। कुवैत में 4 हजार लोग संक्रमित मिले हैं 26 लोगों की जान गई है। बहरीन में कोरोना संक्रमितों की संख्या 3 हजार है और आठ लोगों की मौत हुई है। वहीं ओमान में 2300 लोग पॉजिटिव मिले हैं 11 मौतें हुई हैं। 

कोरोनावायरस : सबसे ज्यादा प्रभावित 10 देश

देश कितने संक्रमित कितनी मौतें कितने ठीक हुए
अमेरिका 10,95,304 63,871 1,55,737
स्पेन 2,39,639 24,543 1,37,984
इटली  2,05,463 27,967  75,945
फ्रांस 1,66,420 24,087 48,228
ब्रिटेन 1,71,553 26,771 उपलब्ध नहीं
जर्मनी 1,61,539 6,467 1,20,400
तुर्की  1,17,589 3,081 44,022
रूस 99,399 972  10,286
ईरान 93,657  5,957  73,791
चीन 82,862 4,633 77,610   

ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।

ट्रम्प ने चीन पर नए टैरिफ लगाने की चेतावनी दी

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कोरोना के बारे में जल्द जानकारी नहीं देने के लिए एक बार फिर चीन से नाराजगी जाहिर की है। ट्रम्प ने चीन पर की जाने वाली कार्रवाई के बारे में पूछे जाने पर कहा कि मैं एक ही काम कर सकता हूं, मैं ज्यादा पैसे के लिए उस पर नए टैरिफ (सीमा शुल्क) लगा सकता हूं। ट्रम्प ने गुरुवार को व्हाइट हाउस के हर दिन वाले प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह बात कही। 

इससे एक दिन पहले भी ट्रम्प ने न्यूज एजेंसी रायटर्स को दिए इंटरव्यू में दावा किया कि चीन नहीं चाहता कि वे नवंबर में फिर से अमेरिका के राष्ट्रपति चुने जाएं। उन्होंने कहा कि चीन मुझे अमेरिका का अगला राष्ट्रपति बनने से रोकने के लिए कुछ भी करेगा। उसका कोरोना से निपटने का तरीका इस बात का सबूत है। 

मिशिगन में प्रदर्शनकारियों को कैपिटल बिल्डिंग में प्रवेश करने से राेकते पुलिसकर्मी।

प्रधानमंत्री मोदी ने रूस के प्रधानमंत्री के जल्द स्वस्थ होने की कामना की
 भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के प्रधानमंत्री मिखाइल मिशुस्तिन के जल्द होने की कामना की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा- रूस के प्रधानमंत्री मिखाइल मिशुस्तिन के जल्द ठीक होने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं। भारत कोरोना से इस लड़ाई में अपने करीबी मित्र रूस के साथ है। मिशुस्तिन गुरुवार रात कोरोना पॉजिटिव पाए गए। उन्होंने खुद इस बात की जानकारी दी। एक न्यूज चैनल से बातचीत में मिखाइल ने कहा, “मैंने अपना कोरोना टेस्ट कराया था। इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब मैं सेल्फ आईसोलेशन में जा रहा हूं। ये बेहद जरूरी है ताकि मेरे साथी सुरक्षित और स्वस्थ रहें।” उन्होंने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए इसकी जानकारी दी है। अब मिखाइल का कामकाज आंद्रे बेलोस्योव संभालेंगे। देश में कुल संक्रमितों की संख्या एक लाख से ज्यादा हो चुकी है। 

मॉस्को में एक बीमार आदमी को स्ट्रेचर पर ले जाता स्वास्थ्यकर्मी।

ऑस्ट्रेलिया तय योजना से पहले हटाएगा पाबंदियां

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने शुक्रवार को राष्ट्रीय मंत्रिमंडल की बैठक की। इसमें उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया ने समय से पहले कोरोना का खतरनाक स्तर पार कर लिया है। हमें हमारे अर्थव्यवस्था और समाज को शुरू करना है। हम तय योजना से पहले ही पाबंदियों में छूट देने पर सोच रहे हैं। जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, देश में अब तक 6 हजार 766 मामले सामने आए हैं और 93 मौतें हुई हैं। शुक्रवार को यहां सिर्फ 16 नए मामले सामने आए।

इक्वाडोर में घर-घर बांटा जा रहा टेस्टिंग किट
इक्वाडोर ने लोगों के घर-घर जाकर रैपिड टेस्टिंग करनी शुरू कर दी है। गुआक्विल शहर से इसकी शुरुआत की गई है। गुआक्विल के मेयर सिंथिया विटेरी ने कहा कि यहां पर डॉक्टरों और पुलिस को टेस्टिंग किट बांटने की जिम्मेदारी दी गई है। यहां पर 250 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्य 24 हजार 934 हो गई है।स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में पिछले 24 घंटे के दौरान 17 लोगों की मौत हुई है। अब तक यहां 900 मौतें हुई हैं। 

इक्वाडोर के गुआक्विल शहर में एक महिला का सैंपल लेते स्वास्थ्यकर्मी।

पाकिस्तान के नेशनल असेंबली के स्पीकर संक्रमित
पाकिस्तान नेशनल असेंबली के स्पीकर असद कैसर गुरुवार को कोरोना संक्रमित पाए गए। उनकी बेटी और बेटा की टेस्ट रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। खास बाद ये है कि असद ने 24 अप्रैल को प्रधानमंत्री इमरान खान से मुलाकात की थी। इसके बाद पीएम को टेस्ट कराना पड़ा था। रिपोर्ट निगेटिव आई। इमरान ईधी फाउंडेशन के फैजल ईधी से मिले थे। बाद में फैजल संक्रमित पाए गए। इसके बाद इमरान का टेस्ट कराया गया। 

ब्रुनेई में पिछले 11 दिनों से एक भी संक्रमित नहीं

ब्रुनेई में पिछले 11 दिनों से एक भी कोरोना संक्रमित नहीं मिला है। यहां संक्रमितों की संख्या 138 पर स्थिर है। यहां के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, ब्रुनेई में कोरोना से अब तक एक मरीज की मौत हुई है। फिलहाल केवल 66 लोग क्वारैंटाइन में हैं। 2 हजार 509 लोगों ने क्वारैंटाइन का समय पूरा कर लिया है। अब तक कोरोना वायरस के कुल 13850 नमूनों की जांच की जा चुकी है। 

ताजिकिस्तान में कोरोना के 15 पहले मामले सामने आए

ताजिकिस्तान में कोरोना के पहले 15 मामले सामने आए हैं। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक यह मामले राजधानी दुशांबे और उत्तरी राज्य सुघ्द में मिले हैं। यहां अब तक करीब 2000 लोगों में संक्रमण के लक्षण नजर आए हैं। इन सभी को गुरुवार से मेडिकल निगरानी में रखा गया है। ताजिकिस्तान की जनसंख्या 93 लाख है। यहां पर कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के साथ ही पांच मध्य एशियाई देशों में चार में संक्रमण पहुंच गया है। अब तक इन देशों में केवल तुर्कमेनिस्तान से कोई मामला सामने नहीं आया है।

ताजिकिस्तान के नूर सुल्तान इलाके में सड़क सैनिटाइज करते कर्मचारी।

अर्जेंटीना में 24 घंटे में 143 नए मामले सामने आए

अर्जेंटीना में पिछले 24 घंटों में कोरोनो के 143 नए मामले सामने आए। अब यहां संक्रमितों की संख्या 4 हजार 428 हो गई है। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को जारी बुलेटिन में इसकी जानकारी दी। देश में अब तक 218 लोगों की मौत हो चुकी है। मंत्रालय ने बताया कि एक दिन पहले संक्रमण के 158 नए मामले सामने आए थे और सात लोगों की मौत हुई थी।



Log In Your Account