ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य में दोबारा लॉकडाउन लगाया गया, आज रात से किसी भी घर में नहीं जुट सकेंगे 5 से ज्यादा मेहमान; दुनिया में अब तक 87.57 संक्रमित

Posted By: Himmat Jaithwar
6/20/2020

वॉशिंगटन. दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 4 लाख 62 हजार 519 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमितों का आंकड़ा 87 लाख 57 हजार 734 हो गया है। अब तक 45 लाख 70 हजार 751 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य में नए मामले सामने आने के बाद 12 जुलाई तक लॉकडाउन लगा दिया है। पिछले 24 घंटे में 25 संक्रमित मिलने के बाद विक्टोरिया के प्रिमियर डैनियल एंड्र्यूज ने इसका ऐलान किया।

एंड्र्यूज ने कहा कि हमने हमेशा अपने स्वास्थ्य विशेषज्ञों को सुना है। अब वे कह रहे हैं कि हम एक गंभीर स्थिति में पहुंच गए हैं। राज्य में पिछले दो महीने में सबसे ज्यादा मामले आए हैं। रविवार आधी रात से नए नियम लागू हो जाएंगे। इसके मुताबिक, किसी भी घर में 5 से ज्यादा मेहमान नहीं जुट सकेंगे। रेस्तरां और कैफे में 50 के बदले 20 लोग ही जा सकेंगे।

ब्राजील: संक्रमितों का आंकड़ा 10 लाख के पार

ब्राजील में संक्रमितों की संख्या 10 लाख के पार पहुंच गई है। यहां के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार देर रात बताया कि पिछले 24 घंटे में 54 हजार 771 नए मामले सामने आए। यह अब तक दुनिया के किसी भी देश में एक दिन में सामने आए सबसे ज्यादा मामले हैं। ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, गुरुवार से शुक्रवार देर रात 1206 संक्रमितों की मौत हुई। देश में अब तक 48 हजार 954 लोगों की जान गई है। यहां के लोग संक्रमण से निपटने में सरकार की नाकामी से नाराज है। देश में कई जगहों पर इसको लेकर प्रदर्शन किए गए।

ब्राजील के साओ पाउलो स्थित कब्रिस्तान में एक कोरोना संक्रमित का शव दफनाते कर्मचारी।

10 देश जहां कोरोना का असर सबसे ज्यादा

देश

कितने संक्रमित कितनी मौतें कितने ठीक हुए
अमेरिका 22,97,190 1,21,407 9,56,061
ब्राजील 10,38,568 49,090 5,20,360
रूस  5,69,063 7,841 3,24,406
भारत 3,87,835 12,746 2,09,301    
ब्रिटेन 3,01,815 42,461 उपलब्ध नहीं
स्पेन 2,92,348 27,136 उपलब्ध नहीं
पेरू 2,44,388 7,461 1,31,190 
इटली 2,38,159 34,514   1,80,544
चिली 2,31,393 4,093 1,86,441
ईरान 1,97,647 9,272 1,56,991

ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।

ईरान : मौतों का आंकड़ा बढ़ा
संक्रमण और मौतों के मामले में ईरान बढ़ता जा रहा है। यहां शुक्रवार रात तक मरने वालों का आंकड़ा 9 हजार 392 हो गया। यह जानकारी वहां की हेल्थ मिनिस्ट्री ने एक बयान जारी कर दी। दो लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। ईरान सरकार के मुताबिक हालात से निपटने के लिए एक नई टास्क फोर्स बनाई जा रही है। यह टीम खास तौर पर उन क्लस्टर पर नजर रखेगी, जहां मामले तेजी से बढ़े हैं। 

ईरान के कोम स्थित फातेमा मस्जिद को सैनिटाइज करता एक कर्मचारी।

मैक्सिको: मौतों का आंकड़ा 20 हजार के पार

मैक्सिको में मौतों का आंकड़ा 20 हजार के पार हो गया है। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को 5 हजार 30 नए मामले सामने आने की पुष्टि की। मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 647 लोगों की जान गई है। इसके साथ ही मरने वालों की कुल संख्या 20 हजार 394 हो गई। देश में अब तक 1 लाख 70 हजार 485 संक्रमित मिले हैं।

मैक्सिको सिटी के पास सैन इफ्रेन में कोरोना से मरे व्यक्ति को दफनाने के लिए कब्र खोदन में जुटे कब्रिस्तान के कर्मचारी।

अमेरिका:कैलिफोर्निया में 4 हजार नए मामले
अमेरिका के कैलिफोर्निया में पिछले 24 घंटे में 4 हजार 317 नए मामले सामने आए हैं। संक्रमण फैलने के बाद पहली बार यहां इतने संक्रमित मिले हैं। शुक्रवार को यहां 70 संक्रमितों की मौत भी हुई। वहीं ह्यूस्टन में 50 से ज्यादा पुलिसकर्मी संक्रमित मिले हैं। ह्यूस्टन पुलिस चीफ आर्ट ऐसेवेडो ने कहा कि देश में अश्वेतों के समर्थन में हो रहे प्रदर्शनों की वजह से संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। 

कैलिफोर्निया के टिंगलवुड  लोगों की वायरस एंटीबॉडी टेस्टिंग के लिए लगाया गया अस्थाई कैंप।

चीन: बीजिंग में फ्लाइट्स कैंसिल की गईं

बीजिंग में शुक्रवार को सैंकड़ों फ्लाइट्स कैंसल कर दी गईं। पिछले 6 दिनों में बीजिंग में 137 मामले सामने आ चुके हैं। यहां दोबारा संक्रमण फैलने का खतरा है। सरकार ने सॉफ्ट लॉकडाउन की घोषणा की है। बीजिंग के 16 में से 9 जिलों में संक्रमित मिले हैं। सरकार ने 27 ऐसे इलाकों की पहचान की है जहां संक्रमण फैलने का डर है। खास तौर पर शिनफैडी फूड मार्केट और इसके आसपास के इलाकों में लोगों से सावधानी बरतने को कहा गया है। 

चीन की राजधानी बीजिंग में टेस्टिंग के लिए बनाए गए कैंप के पास कतार में लगे लोग। पिछले कुछ दिनों से यहां टेस्टिंग बढ़ा दी गई है।

जर्मनी: बर्लिन में 300 घर क्वारैंटाइन
जर्मनी के बर्लिन में 57 नए मामले सामने आने के बाद 300 घर क्वारैंटाइन किए गए हैं। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, रिहायशी इलाके के सात अपार्टमेंट में संक्रमित मिलने के बाद यह फैसला किया गया। संक्रमण रोकने में जर्मनी सरकार की कोशिशों की काफी सराहना की गई है। देश में अब तक 8 हजार 960 संक्रमितों की जान गई हैं और 1 लाख90 हजार 660 मामले आए हैं। 

जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में कोरोना की वजह से नौकरी में कटौती करने के खिलाफ शुक्रवार को एयरपोर्ट कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया।



Log In Your Account