रतलाम में बड़ी वारदात टली: सर्राफा बाजार में डकैती की योजना बनाते 6 खूंखार अंतरराज्यीय डकैत गिरफ्तार, भारी मात्रा में घातक हथियार जब्त
तेज़ इंडिया टीवी डेस्क
रतलाम जिला पुलिस ने सर्राफा बाजार को दहलाने की एक बेहद खतरनाक साजिश को नाकाम करते हुए अंतरराज्यीय डकैत गिरोह के 6 शातिर सदस्यों को दबोचने में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के कुशल निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार के मार्गदर्शन में स्टेशन रोड पुलिस ने इस खूंखार गैंग को उस समय घेराबंदी कर दबोचा, जब वे डकैती डालने की अंतिम तैयारी कर रहे थे। पकड़े गए बदमाशों के पास से तलवार, फालिया, कटर समेत भारी मात्रा में घातक हथियार और चोरी व नकबजनी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद हुए हैं।
मुखबिर की सटीक सूचना पर आधी रात को बिछाया जाल
प्रेस नोट के अनुसार, 13-14 जून 2026 की दरमियानी रात स्टेशन रोड थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्रसिंह जादौन को विश्वसनीय मुखबिर से बेहद संवेदनशील सूचना मिली थी। मुखबिर ने बताया कि पंचबीर दरगाह के पास उकाला रोड पर 6-7 संदिग्ध लोग धारदार हथियारों के साथ छिपे बैठे हैं, जो रतलाम के व्यस्ततम चांदी चौक सर्राफा बाजार में किसी बड़ी ज्वेलर्स दुकान पर डकैती डालने और कत्लेआम मचाने की फिराक में हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर तत्काल तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। निरीक्षक जादौन के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए पंचबीर दरगाह क्षेत्र की चारों तरफ से घेराबंदी की और डकैती की योजना बना रहे 6 बदमाशों को रंगे हाथों दबोच लिया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा।
राजस्थान में डकैती का फरार ईनामी बदमाश भी चढ़ा हत्थे
पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ थाना स्टेशन रोड पर अपराध क्रमांक 438/2026, धारा 310(4), 310(5) बीएनएस (BNS) एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में शामिल प्रभात उर्फ केतन पूर्व में राजस्थान के निम्बाहेड़ा (चित्तौड़गढ़) में हुई एक बड़ी डकैती के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर पुलिस द्वारा ईनाम भी घोषित था। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इस गैंग ने वारदात को अंजाम देने के लिए पहले ही सर्राफा बाजार की रेकी कर ली थी। पकड़े गए बदमाशों में मध्य प्रदेश के रायसेन, उज्जैन, अशोकनगर और गुना जिले के आदतन अपराधी शामिल हैं, जो पारदी गैंग से ताल्लुक रखते हैं।
इन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
प्रभात उर्फ केतन पिता मेहरसिंह मोंगिया (उम्र 27 वर्ष), निवासी सांची, जिला रायसेन (राजस्थान का ईनामी बदमाश)।
कैलाश पिता सुखदेव मोंगिया (उम्र 56 वर्ष), निवासी पिपरई, जिला अशोकनगर।
मेहरसिंह उर्फ नेहरसिंह पिता गुलाबसिंह मोंगिया (उम्र 60 वर्ष), निवासी सांची, जिला रायसेन।
नामेश उर्फ सोल्जर पिता मेहरसिंह मोंगिया (उम्र 20 वर्ष), निवासी सांची, जिला रायसेन।
निखिल पिता सुजीत मोंगिया (उम्र 19 वर्ष), निवासी बिरलाग्राम नागदा, जिला उज्जैन।
वजूद उर्फ अंगद पिता सांटिया मोंगिया (उम्र 29 वर्ष), निवासी रतलामी चमार चोक, जिला अशोकनगर।
आरोपी दिनेश हांडा, निवासी बजरंग नगर रतलाम, फिलहाल फरार है जिसकी तलाश जारी है)
हथियार और कटर मशीन बरामद
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की है, जिसमें एक लोहे की धारदार तलवार और एक लोहे का तीखा फालिया। एक लोहे की गंडासा नुमा गुप्ती और एक लोहे की टॉमी। लॉकर और शटर काटने के लिए एक हाइड्रोलिक कटर, पाने, पेचकस। एक काले रंग का बैग, गुलेल और एक लकड़ी का मजबूत डंडा।
इस पूरी जांबाज कार्रवाई और रतलाम को दहलाने से बचाने में थाना प्रभारी जितेंद्रसिंह जादौन, उपनिरीक्षक जितेंद्रसिंह कनेश, विजय सिंह बामनिया, प्रधान आरक्षक हेमंत परमार, मुकेशसिंह चौहान, विजय मीणा, दीपक मकवाना, ललित वर्मा, आरक्षक गोपाल आंजना, हरिकिशन पंवार, लखनसिंह और विरेंद्र सोनी की अत्यंत सराहनीय और महत्वपूर्ण भूमिका रही।