रतलाम में मोहर्रम जुलूस के दौरान दर्दनाक हादसा, हाई टेंशन लाइन की चपेट में आए लोग, 2 मौत की आधिकारिक पुष्टि, ग्रामीणों का दावा- 3 की गई जान
तेज़ इंडिया टीवी डेस्क। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले की पिपलोदा तहसील के ग्राम हथनारा में मोहर्रम जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जुलूस निकालते समय ताजिया या उससे जुड़ा हिस्सा ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे करंट फैल गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में करीब एक दर्जन लोग करंट की चपेट में आ गए। सभी घायलों को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। प्रशासन ने अब तक दो लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की है। वहीं, ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि इस हादसे में तीन लोगों की जान गई है। हालांकि तीसरी मौत की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
घायलों में करीब एक दर्जन लोग उपचाराधीन हैं, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। मेडिकल कॉलेज में उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। एएसपी राकेश पांडरो ने बताया कि करंट से झुलसे घायलों का इलाज जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। आमतौर पर मोहर्रम जुलूस से पहले प्रशासन, पुलिस और बिजली विभाग द्वारा जुलूस के रूट का निरीक्षण किया जाता है। ताजियों की ऊंचाई और मार्ग में आने वाली हाई टेंशन बिजली लाइनों का विशेष ध्यान रखा जाता है, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर इतनी बड़ी चूक कैसे हुई? क्या जुलूस के रूट का सही तरीके से निरीक्षण नहीं किया गया, या फिर सुरक्षा व्यवस्था में कहीं लापरवाही बरती गई? हालांकि, इन सवालों का जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा और जिम्मेदारी भी उसी के आधार पर तय होगी।
फिलहाल इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में मातम का माहौल है और हर किसी की नजर प्रशासनिक जांच पर टिकी है कि इस हादसे के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे।