चौकीदार ही निकला चोर! जैन मंदिर की सुरक्षा करने वाला पुजारी ही निकला चोरी का मास्टरमाइंड

Posted By: Rafik Khan
6/26/2026


तेज़ इंडिया टीवी डेस्क। रतलाम जिले के पिपलौदा थाना क्षेत्र के सुखेड़ा गांव से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिस मंदिर की सुरक्षा और पूजा की जिम्मेदारी पुजारी के हाथों में थी, उसी पुजारी पर मंदिर में चोरी का आरोप लगा है।

सुखेड़ा जैन मंदिर में दिनदहाड़े भगवान आदिनाथ की प्रतिमा पर चढ़ा सोने का हार और चांदी का सिद्ध चक्र चोरी हो गया था। मामले की जांच में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मंदिर के पुजारी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने जांच को भटकाने के लिए 10 रुपए के नोट पर अंग्रेजी में "जय जिनेन्द्र" और हिंदी में संदेश लिखकर छोड़ा था कि "यह चोरी नहीं हुई है, 15 जुलाई को रतलाम डाकघर पर मिल जाएगा, अगर पुलिस को बताया तो नहीं मिलेगा..." इस संदेश के जरिए पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की गई।

मामले में एसपी अमित कुमार और एएसपी विवेक लाल के निर्देशन में टीम गठित की गई। पुलिस ने सुराग जुटाते हुए मंदिर के पुजारी विशाल और उसके साथियों दीपक व सुनील को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने पुजारी विशाल के कब्जे से चांदी का सिद्ध चक्र बरामद किया, जबकि सोने का हार आरोपियों ने दिल्ली में बेच दिया था। हार बेचने से मिले 94 हजार रुपए पुलिस ने बरामद कर लिए हैं।

तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पुजारी विशाल और दीपक को जेल भेज दिया गया, जबकि सुनील चौहान को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। अब पुलिस उसे दिल्ली ले जाकर हार बेचने वाले व्यक्ति की तलाश और तस्दीक करेगी।



Log In Your Account