तेज़ इंडिया टीवी की खबर का बड़ा असर: रतलाम ताजिया हादसे में कलेक्टर ने लिया संज्ञान, लापरवाह बिजली अधिकारी कर्मचारी निलंबित,

Posted By: Rafik Khan
6/27/2026

तेज़ इंडिया टीवी की खबर का बड़ा असर: रतलाम ताजिया हादसे में 

कलेक्टर ने लिया संज्ञान, लापरवाह बिजली अधिकारी निलंबित, दो श्रमिक नौकरी से बाहर

मध्य प्रदेश _ रतलाम तेज़ इंडिया टीवी डेस्क। जिले की पिपलोदा तहसील के ग्राम हथनारा में मोहर्रम जुलूस के दौरान एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां ताजिया ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। इस दर्दनाक हादसे में करंट फैलने से एक दर्जन से अधिक लोग बुरी तरह झुलस गए, जिनमें से दो लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है और कई घायलों का इलाज रतलाम मेडिकल कॉलेज में जारी है। इस संवेदनशील मामले में 'तेज़ इंडिया टीवी' ने प्रमुखता से खबर दिखाते हुए बिजली कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों की घोर लापरवाही और लचर कार्यप्रणाली का मुद्दा पुरजोर तरीके से उठाया था। 'तेज़ इंडिया टीवी' की खबर का सीधा असर यह हुआ कि रतलाम कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने मामले को तत्काल संज्ञान में लिया और हादसे के पीड़ितों से अस्पताल में मुलाकात कर उचित इलाज के निर्देश देने के साथ ही दोषियों के खिलाफ त्वरित व सख्त दंडात्मक कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए।

कलेक्टर के कड़े रुख और संज्ञान के बाद मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी द्वारा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर गाज गिराई गई है। ड्यूटी के दौरान गंभीर लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने पर शिकायत निवारण केंद्र हतनारा के प्रभारी घनश्याम गिर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और उनका मुख्यालय जावरा नियत किया गया है। इसके साथ ही, कार्य में घोर लापरवाही के दोषी पाए गए दो अन्य बिजली श्रमिकों, समरथ मकवाना और गोबीलाल को नौकरी से बाहर का रास्ता दिखाते हुए सख्त आदेश जारी किए हैं। 'तेज़ इंडिया टीवी' द्वारा जनता और पीड़ितों की आवाज उठाने के बाद प्रशासन की इस त्वरित और कड़ी कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



Log In Your Account