सरोज खान का दिल का दौरा पड़ने से निधन, उन्हें सुबह 7 बजे मलाड कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया

Posted By: Himmat Jaithwar
7/3/2020

मुंबई. बॉलीवुड में डांसिंग क्वीन के नाम से मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान का 71 की उम्र में गुरुवार देर रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे कई दिन से सांस लेने में तकलीफ के कारण बांद्रा के हॉस्पिटल में भर्ती थीं। हालांकि, उनका कोरोना टेस्ट निगेटिव आया था।

उनके पार्थिव शरीर को रात में ही परिजनों को सौंप दिया गया था। उनकी छोटी बेटी सुकन्या ने बताया कि लॉकडाउन नियमों को देखते हुए अम्मी को सुबह सात बजे मलाड स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

परिवार ने तय किया है उनकी याद में प्रार्थना सभा तीन दिन की जाएगी। सरोज के परिवार में उनके पति बी. सोहनलाल, बेटा हामिद खान, दो बेटियां हिना और सुकन्या हैं।

24 जून को अस्पताल में भर्ती हुईं थीं
24 जून से ही सरोज की तबीयत खराब थी। उन्हें मुंबई के बांद्रा स्थित गुरु नानक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उन्हें सांस लेने में तकलीफ थी। इसके बाद कोरोना टेस्ट कराया गया। ये निगेटिव रहा था। इसके बाद कहा जा रहा था कि उनकी तबियत सुधर रही है। 

दो हजार गानों में दिखे सरोज के डांस स्टेप्स

40 साल के करियर में सरोज खान ने करीब दो हजार गाने कोरियोग्राफ किए। उन्होंने तीन बार नेशनल अवॉर्ड भी जीता। सरोज खान ने नच बलिए', 'उस्तादों के उस्ताद', 'नचले वे विद सरोज खान', 'बूगी-वूगी', 'झलक दिखला जा' जैसे कई रियलिटी शो में बतौर जज बनकर नई प्रतिभाओं को सामने लाने में अपनी योगदान दिया। 

सरोज का असली नाम निर्मला था

किशनचंद संधु और नोनी ​सिंह के घर जन्मी सरोज का असली नाम निर्मला नागपाल था। उनका जन्म 22 नवंबर, 1948 को हुआ था। पार्टीशन के बाद सरोज का परिवार पाकिस्तान से भारत आ गया था। सरोज ने करियर की शुरुआत महज 3 साल की उम्र में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट फिल्म 'नजराना' से की थी। 

पहली फिल्म 'गीता मेरा नाम' थी

1974 में आई 'गीता मेरा नाम' पहली फिल्म थी, जिसमें सरोज खान ने कोरियोग्राफ किया था। इस फिल्म में साधना लीड रोल में थीं। उनका फिल्म 'मिस्टर इंडिया' में श्रीदेवी का हवा-हवाई (1987) और 1988 में आई 'तेजाब' में माधुरी पर फिल्माया एक दो तीन डांस नंबर बेहद हिट रहा। 1992 में आई फिल्म 'बेटा' का गीत धक-धक करने लगा और 2002 की 'देवदास' का माधुरी-ऐश्वर्या वाला डोला रे डोला उनके सबसे हिट डांस नंबर हैं।

साधना से लेकर करीना तक सबको सिखाया डांस

बॉलीवुड की तमाम बड़ी एक्ट्रेस उनके निर्देशन में थिरकती नजर आईं। सरोज खान ने साधना, वैजयंतीमाला, कुमकुम, हेलन, शर्मिला टैगोर, माला सिन्हा, वहीदा रहमान, जीनत अमन से लेकर रेखा, श्रीदेवी, माधुरी दीक्षित, करिश्मा, उर्मिला टैगोर, ऐश्वर्या राय, करीना कपूर और सनी लियोनी जैसी एक्ट्रेसेस को डांस सिखाया। माधुरी उनकी फेवरेट स्टार थीं। साउथ की कई एक्ट्रेस भी उन्होंने डांस स्टेप्स सिखाए। 

आखिरी फिल्म माधुरी दीक्षित के साथ
सरोज खान ने आखिरी गाना अप्रैल 2019 में आई करण जौहर की मल्टी स्टारर फिल्म कलंक के लिए कोरियोग्राफ किया था। इसके बोल थे ‘तबाह हो गए’। इस गाने में भी उनकी फेवरेट एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित नजर आईं थीं। 

कोरोना से बचने के लिए शेयर किया था वीडियो
मई में कोरियोग्राफर सरोज खान ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया थे। इसमें वे देशवासियों से कोरोनावॉरियर्स की रिस्पेक्ट करते अपील करते हुए नजर आ रही थीं। सरोज ने इस वीडियो में कहा था- आप क्यों नहीं समझते हैं। बच्चों से जिंदगी मत छीनो। कुछ तो रिस्पेक्ट दिखाओ। भगवान के वास्ते, अल्लाह के वास्ते अपनी देखभाल करो। घर पर रहो।



Log In Your Account