भोपाल में एक्टर की लेट नाइट पार्टी में पुलिस का छापा, 26 लड़के 7 लड़कियां गिरफ्तार

Posted By: Himmat Jaithwar
7/24/2020

भोपाल। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुकेश नायक के बेटे के कमर्शियल कॉम्पलेक्स में खुद को मॉडल एवं एक्टर बताने वाले नावेद खान की लेट नाइट पार्टी में भोपाल पुलिस की क्राइम ब्रांच ने छापामार कार्रवाई की। पुलिस ने 26 लड़के एवं 7 लड़कियों को गिरफ्तार किया है। कांग्रेस नेता मुकेश नायक ने बताया कि जहां कार्रवाई हुई वह कांप्लेक्स मेरे ही बेटे का है परंतु 3 महीने पहले मनोज रामचंदानी और उनके साथी जितेंद्र मनदानी ने किराए पर ले लिया है। इसके अलावा कॉन्प्लेक्स की सभी दुकानें भी किराए पर हैं।

नावेद खान (मॉडल-एक्टर) की लेट नाइट पार्टी पर पुलिस का छापा

क्राइम ब्रांच की टीम को शाहपुरा स्थित ऑरा मॉल के सामने एक कॉम्पलेक्स में देर रात करीब 12 बजे पार्टी किए जाने की सूचना मिली। क्राइम ब्रांच ने मौके पर दबिश दी, तो बड़ी संख्या में लड़के लड़कियां पार्टी कर रहे थे। एएसपी क्राइम ब्रांच गोपाल धाकड़ ने बताया कि निजामुद्दीन कॉलोनी, भेल निवासी नावेद खान पिता निसार खान ने यह पार्टी दी थी। उसने बताया कि वह मॉडल है और कई ब्रांड के लिए मॉडलिंग करता है। उसने इसके लिए मनोज रामचंदानी और उनके साथी जितेंद्र मनदानी से बुकिंग की थी। टीम ने मौके से 14 हुक्का, कई विदेशी शराब की बोतलें, 7 केक, 5 चार पहिया गाड़ी समेत अन्य सामान जब्त किए हैं। पुलिस की कार्रवाई सुबह 4 बजे तक चलती रही। इसके बाद टीम ने आगे की कार्रवाई के लिए मामला और आरोपियों को शाहपुरा पुलिस के हवाले कर दिया।

नावेद खान (मॉडल-एक्टर) प्रतिबंधित धारदार हथियार से केक काट रहा था

एएसपी धाकड़ के अनुसार नावेद इससे पहले एमपी नगर और पिपलानी पुलिस थाने में भी बंद हो चुका है। वह केक चाकू से नहीं बल्कि गुप्ती (तलवार जैसा दिखने वाला धारदार हथियार) से काटता था। उसने पार्टी के लिए एक दो नहीं बल्कि 7 अलग-अलग केक रखे थे। इन्हें उसने बारी-बारी से गुप्ती से ही काटा। 

नावेद खान सहित 26 लड़के और 7 लड़कियों के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस को मौके से मनोज और जितेंद्र तो नहीं मिले, लेकिन मैनेजर और कर्मचारी हाथ लग गए। इस मामले में पुलिस ने मैनेजर रवि और उसके साथ एक अन्य महिला कर्मचारी समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया है। इधर, पार्टी करने वाले नावेद समेत 26 लड़कों और 7 लड़कियों के खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की गई।



Log In Your Account