बिहार पुलिस अब कोर्ट जा सकती है, डीजीपी पांडेय बोले- अगर महाराष्ट्र सरकार को अपनी पुलिस पर गर्व है तो बताएं कि 50 दिन में क्या किया?

Posted By: Himmat Jaithwar
8/4/2020

एक्टर सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस में बिहार पुलिस अब महाराष्ट्र पुलिस के खिलाफ कोर्ट जाने के विकल्प पर विचार कर रही है। डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने मंगलवार को कहा कि हम अपने महाधिवक्ता से बात करेंगे और इस संबंध में जल्द फैसला लेंगे।

डीजीपी पांडेय ने कहा कि हमारे एक आईपीएस अधिकारी को मुंबई में जबरदस्ती क्वारैंटाइन किया गया है। अगर महाराष्ट्र सरकार को अपनी पुलिस पर गर्व है तो बताएं कि उन्होंने 50 दिन में क्या किया? सुशांत की मौत मामले में मुंबई पुलिस ने क्या जांच की है? पूरा देश जानना चाहता है। हमारे आईजी ने बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) को पत्र लिखकर एसपी विनय तिवारी को जबरन क्वारैंटाइन करने का विरोध किया है।

बात नहीं कर रहे डीजीपी
पांडेय ने कहा कि मुंबई से सभी कम्युनिकेशन चैनल बंद हैं। महाराष्ट्र के डीजीपी बिहार के डीजीपी से बात नहीं कर रहे। ऐसा नहीं होना चाहिए। मैं इतिहास में पहली बार देख रहा हूं कि एक राज्य के अधिकारी से दूसरे राज्य के अधिकारी बात नहीं कर रहे हैं। बिहार के गृह सचिव से महाराष्ट्र के गृह सचिव बात नहीं कर रहे हैं।

मुंबई पुलिस लिखकर दे कि जांच नहीं करने देंगे
डीजीपी ने कहा कि हमारे पुलिस अधिकारियों को मुंबई में बंद कर रखा गया है। मुंबई पुलिस लिखकर दे कि वे बिहार पुलिस को जांच नहीं करने देंगे। कोई डॉक्यूमेंट नहीं देंगे। हम अपने अधिकारियों को वापस बुला लेंगे। लेकिन हम इस मामले में पीछे नहीं हटेंगे। जो भी रास्ता अख्तियार करना होगा, हम करेंगे।

दिशा सालीयान मामले से जुड़े हैं सुशांत आत्यहत्या के तार
डीजीपी ने कहा कि सुशांत आत्महत्या के तार दिशा सालीयान सुसाइड केस से जुड़े हैं। मुंबई पुलिस ने तो इस मामले को बंद कर दिया है। जब हमारे पुलिस ऑफिसर ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य जानकारी मांगी तो कहा गया कि डिलीट हो गए। ऐसा कैसे हो सकता है? आत्महत्या मामले के फाइल इतनी जल्द डिलीट नहीं होते। मुझे 35 साल से ज्यादा हो गए पुलिस की नौकरी करते हुए। कुछ न कुछ गलत है जिसे छिपाने के लिए यह सब किया जा रहा है।



Log In Your Account