कोरियर ऑफिस में कर्मचारी की सिर कुचली लाश मिली, मृतक का साथी मौके से फरार

Posted By: Himmat Jaithwar
8/7/2020

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के मिसरोद स्थित कोरियर ऑफिस में 25 साल के एक कर्मचारी की सिर कुचली लाश मिलने से सनसनी फैल गई। हत्या के कारणों का तो पता नहीं चल सका, लेकिन इस मामले में मृतक के दोस्त की तलाश की जा रही है। उसका रात में मृतक से झगड़ा हुआ था।

मिसरोद स्थित 11 मील स्थित मधुर कोरियर के दफ्तर में शुक्रवार सुबह बैरागढ़ चीचली निवासी 25 lky कर्मचारी संदीप मालवीय पुत्र सुंदर लाल मालवीय की खून से लथपथ लाश मिली। वह कोरियर के वेयरहाउस पर सुपरवाइजर था। उसका चेहरा और सिर बुरी तरह से कुचला गया था। मिसरोद पुलिस के अनुसार रात को संदीप के साथ उसका दोस्त भी ऑफिस में था। उनके बीच झगड़ा होने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, वह वारदात के बाद से ही फरार है। बाइक भी गायब है। संदिग्ध का मोबाइल फोन भी बंद है। हत्या में या तो उसका हाथ हो सकता है या फिर वह इस मामले में काफी कुछ जानता है। ऐसे में उसकी तलाश की जा रही है। अभी संदीप के बारे में भी ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है। उसके बारे में पता लाया जा रहा है।

लकड़ी के पटिया से की गई हत्या
पुलिस को मौके से लकड़ी का एक पटिया भी मिला है। एएसपी जोन-2 संजय साहू ने बताया कि लकड़ी पर खून लगा हुआ मिला है। संभावना यही है कि आरोपी ने इसी लकड़ी से संदीप पर हमला किया हुआ। हत्या के बाद पहचान छिपाने की नियत से चेहरा बिगाड़ दिया होगा।

रात साढ़े 8 बजे एक साथ कमरे में गए थे
कंपनी के 35 वर्षीय मैनेजर संदीप पाटिल ने बताया कि रात करीब साढ़े 8 बजे तक संदीप मालवीय और साहिल चंदेल उनके साथ था। दोनों ऑफिस के पीछे गोदाम से लगे एक कमरे में साथ में रहते थे। वहीं पर दोनों खाना बनाते थे। दोनों गोदाम में काम करते थे। सुबह 5 बजे ऑफिस पहुंचने पर कमरे में संदीप का शव बेड पर मिला। साहिल का कहीं कुछ पता नहीं था। इतना ही नहीं मृतक संदीप की बाइक भी मौके से गायब थी। उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।



Log In Your Account