जापान को राहत, 2 हफ्ते बाद एक दिन में एक हजार से कम मामले सामने आए; दुनिया में अब तक 2.24 करोड़ केस

Posted By: Himmat Jaithwar
8/11/2020

दुनिया में कोरोनावायरस संक्रमण के अब तक 2 करोड़ 24 लाख 7 हजार 575 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 31 लाख 10 हजार 934 मरीज ठीक हो चुके हैं। 7 लाख 38 हजार 701 की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं। जापान में सोमवार को दो हफ्ते बाद पहली बार एक दिन में 1 हजार से कम मामले सामने आए।

जापान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को इस बात की जानकारी दी। बीते 24 घंटे में यहां 196 नए मामले और 5 मौतें हुईं। अब तक देश में 49 हजार 630 मामले सामने आए हैं और 1065 लोगों की जान गई है। यहां राजधानी टोक्यो सबसे ज्यादा प्रभावित है।

10 देश, जहां कोरोना का असर सबसे ज्यादा

देश

कितने संक्रमित कितनी मौतें कितने ठीक हुए
अमेरिका 52,51,446 1,66,192 27,15,934
ब्राजील 30,57,470 1,01,857 21,63,812
भारत 22,67,153 45,353 15,81,640
रूस 8,92,654 15,001 6,96,681
साउथ अफ्रीका 5,63,598 10,621 4,17,200
मैक्सिको 4,85,836 53,003 3,27,993
पेरू 4,78,024 21,072 3,24,020
कोलंबिया 3,97,623 13,154 2,21,485
चिली 3,75,044 10,139 3,47,342
स्पेन 3,70,060 28,576 उपलब्ध नहीं

ब्राजील: संक्रमितों का आंकड़ा 30 लाख के पार

ब्राजील में 24 घंटे में 22 हजार 48 नए मामले सामने आए हैं और 703 मौतें हुई हैं। इसके साथ ही देश में अब संक्रमितों का आंकड़ा 30 लाख 57 हजार 470 हो गया है। मौतों का आंकड़ा 1 लाख 1 हजार 752 हो गया है। यहां शुरुआत के तीन महीने में 50 हजार मौतें हुईं थी, लेकिन सिर्फ 50 दिनों में ही मौतों का आंकड़ा डबल हो गया। इसके बावजूद देश में दुकानें और रेस्टोरेंट खोलने की इजाजत दे दी गई है।

ब्राजील के साओ पाउलो के पास एक कब्रिस्तान में एक संक्रमित का शव दफनाने में जुटे कर्मचारी। यहां मौतों का आंकड़ा 1 लाख के पार हो गया है।

भूटान: टोटल लॉकडाउन का ऐलान

भूटान सरकार ने मंगलवार से पूरे देश में लॉकडाउन का ऐलान किया। प्रधानमंत्री लोटे शेरिंग ने कहा- गेलेफू टाउन में एक महिला संक्रमित मिली है। संक्रमित महिला पारो, थिंपू और कई दूसरे जगहों के लोगों के संपर्क में आई है। अब तक उसके संपर्क में आए 71 लोगों की पहचान की गई है। सरकार लोगों और गाड़ियों की आवाजाही पर पाबंदी लगा रही है। सभी स्कूल, कॉलेज, संस्थान, दुकानें और ऑफिस बंद रहेंगे।

मैक्सिको: राजधानी मैक्सिको सिटी की मेयर क्वारैंटाइन हुए
मैक्सिको की राजधानी मैक्सिको सिटी के मेयर क्लाउडिया शेनबॉम सोमवार को सेल्फ क्वारैंटाइन हो गए। उनके कुछ साथियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद प्रोटोकॉल के तहत उन्होंने ऐसा करने का फैसला किया। मैक्सिको सिटी की इंटीरियर मिनिस्टर जोस अल्फोंसे सूरेज डेल रियल ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। यहां बीते 24 घंटे में 5558 नए मामले सामने आए हैं और 705 मौतें हुई हैं।

मैक्सिको के सियुदाद जुआरेज स्थित एक परीक्षा केंद्र पर सोमवार को एग्जाम देने आई एक स्टूडेंट की बुखार जांचते शिक्षक।

अमेरिका: संदिग्ध संक्रमितों के देश में आने पर रोक लग सकती है

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प संदिग्ध संक्रमितों को देश में आने से रोक सकते हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स और रॉयटर्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक ट्रम्प एक नया नियम लाने जा रहे हैं। इसके तहत ऐसे अमेरिकी नागरिक या परमानेंट रेसिडेंट जिनके कोरोना या दूसरी बीमारी से संक्रमित होने की आशंका होगी, उन्हें देश में आने की इजाजत नहीं दी जाएगी। देश में संक्रमितों का आंकड़ा 50 लाख के पार हो गया है और 1.50 लाख से ज्यादा मौतें हुई हैं।

फ्रांस: पेरिस के कुछ हिस्सों में मास्क जरूरी
पेरिस के कुछ हिस्सों में सोमवार से सार्वजनिक जगहों पर मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। यह नियम 11 साल से ज्यादा उम्र के लोगों के लिए लागू की गई है। नियम का पालन नहीं करने वालों पर 121 डॉलर (करीब 9 हजार रु.) का जुर्माना लगाया जाएगा। देश में जुलाई के बाद नए मामले बढ़े हैं।

फ्रांस की राजधानी पेरिस में सोमवार को एफिल टावर के पास मास्क लगाकर घूमते लोग। यहां लोगों के लिए मास्क पहनना जरूरी किया गया है।



Log In Your Account