एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा को सोशल मीडिया में परेशान करने वाले शख्स को औरंगाबाद से गिरफ्तार किया गया

Posted By: Himmat Jaithwar
8/22/2020

सोशल मीडिया में अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा को बुली यानी परेशान करने वाले एक शख्स को मुंबई पुलिस ने औरंगाबाद से गिरफ्तार किया है। अभिनेत्री कुछ दिन पहले मुंबई पुलिस और साइबर सेल को एक लिखित शिकायत भी दी थी। जिसमें उन्होंने सोशल मीडिया में एक शख्स द्वारा परेशान करने का आरोप लगाया था। बता दें कि सोनाक्षी ने ट्विटर पर ट्रोल से परेशान होकर अपना अकाउंट बंद कर दिया है। वहीं इंस्टाग्राम पर उन्होंने कमेंट सेक्शन को ब्लॉक कर रखा है।

औरंगाबाद से पकड़े गए शख्स की पहचान शशिकांत जाधव के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि यह पिछले कई महीने से अभद्र शब्दों का इस्तेमाल करते हुए एक्ट्रेस को ट्रोल कर रहा था। सोनाक्षी सिन्हा ने 14 अगस्त को मुंबई साइबर क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज करवाई थी। युवक ने अपना अपराध कबूल कर बताया कि उसने सोनाक्षी के साथ-साथ कई दूसरे स्टार्स के कमेंट सेक्शन में भी अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने आईपीसी की धारा 292, 354 (डी) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत एफआईआर दर्ज की थी।

सोशल मीडिया में पोस्ट की आरोपी की तस्वीर

अभिनेत्री ने गिरफ्त में आए शख्स की तस्वीर सोशल मीडिया में पोस्ट कर लिखा,"आपके कर्मों के परिणाम होते हैं। हमारी ऑनलाइन दुनिया को साफ करने के इस प्रयास में मुंबई पुलिस, मुंबई पुलिस कमिश्नर और साइबर क्राइम ब्रांच को बहुत-बहुत धन्यवाद। मुझे उम्मीद है कि यह ऑनलाइन उत्पीड़न से गुजरने वालों को आवश्यक कदम उठाने की हिम्मत देगा!"

होटल का मैनेजर है आरोपी

मुंबई पुलिस के इंस्पेक्टर प्रमोद खोपीकर की अगुआई में जांच शुरू हुई और आरोपी को औरंगाबाद के तुलजी नगर स्थित धरतीधन सोसायटी से गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़ा गया आरोपी एक होटल में मैनेजर के तौर पर काम करता है। डीसीपी रश्मि करंदीकर ने बताया कि पकड़े गए आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

रश्मि करंदीकर ने कहा कि सोशल मीडिया पर महिलाओं की साइबर बुलिंग करने वाले आरोपी पुलिस की रडार पर हैं और जल्द ही ऐसे दूसरे आरोपियों पर भी शिकंजा कसा जाएगा। बता दें कि अभिनेत्री आलिया भट्ट, निर्माता एकता कपूर समेत बॉलीवुड से जुड़ी कई अभिनेत्रियां हाल ही में साइबर बुलिंग का शिकार हो चुकीं हैं।

एक वीडियो संदेश जारी आकर भी सोनाक्षी ने मुंबई पुलिस को धन्यवाद कहा है,,



Log In Your Account