195 देशों में संक्रमण और 21,200 मौतें: फ्रांस इराक से अपने सैनिकों को वापस बुलाएगा; हंगरी में 37 साल के ब्रिटिश राजनयिक की जान गई

Posted By: Himmat Jaithwar
3/26/2020

बीजिंग/रोम/नई दिल्ली. दुनिया के 195 देश कोरोनावायरस की चपेट में आ चुके हैं। 21,297 लोगों की मौत हो चुकी है। 4 लाख 71 हजार 820 संक्रमित हैं। 1 लाख 14 हजार 703 मरीज ठीक भी हुए। भारत के 1.3 अरब, इटली के करीब 6 करोड़ लोग अपने घरों में नजरबंद हैं। फ्रांस इराक में तैनात अपने सभी सैनिकों को वापस बुलाएगा। आर्म्ड फोर्सेस मिनिस्ट्री ने बुधवार को कहा कि कोरोनावायरस के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि वह दाएश (इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक) के खिलाफ हवाई अभियान जारी रखेगी। यहां 1331 लोगों की जान जा चुकी है।

उधर, हंगरी में एक सीनियर ब्रिटिश राजनयिक स्टीवन डिक की कोरोनोवायरस से मौत हो गई। वे 37 साल के थे। वे बुडापेस्ट में ब्रिटिश दूतावास के मिशन के उप प्रमुख थे। उनकी मंगलवार को मौत हो गई थी। यहां अब तक 465 लोगों की मौत हुई है, जबकि 9640 लोग संक्रमित हैं।

चीन ने मेडिकल सप्लाई के लिए पाकिस्तान को बॉर्डर खोलने को कहा

कोरोनावायरस के बढ़ते मामलों के कारण चीन ने दूसरे देशों के लिए अपनी सीमा बंद कर दी है। यहां संक्रमण का आंकड़ा 1102 हो गया है, जबकि आठ लोगों की मौत हो चुकी है। इसी बीच चीन ने पाकिस्तान से दवाओं की सप्लाई के लिए शुक्रवार को बॉर्डर खोलने के लिए कहा है। डॉन न्यूज रिपोर्ट में कहा गया है कि खंजरब दर्रा आमतौर पर 1 अप्रैल को खोला जाता है, जो उस हिस्से में सर्दियों के अंत का प्रतीक है। लेकिन वैश्विक महामारी के कारण पाकिस्तान और चीन के बीच सीमा को अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया गया है। 1985 के सीमा प्रोटोकॉल समझौते के तहत खंजेरब सीमा नवंबर के अंत से अप्रैल तक बंद रहता है।

अमेरिका में बुधवार को 223 से ज्यादा लोगों की मौत

सीएनएन के मुताबिक, अमेरिका में बुधवार को 223 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। यह देश में एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। मंगलवार को यहां 164 लोगों की जान गई थी। जनवरी में यहां पहला मामला सामने आया था, तब से अब तक 1032 लोगों की मौत हो चुकी है। चार दिन पहले रविवार की सुबह तक देशभर में कुल 326 मौतें हुईं थीं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को कहा कि हम सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर और सख्त कदम उठाएंगे। अमेरिका में 66,048 लोग संक्रमित हैं।

न्यूयॉर्क के एक अस्पताल के बाहर कोरोना का टेस्ट कराने के लिए लाइन में लगे लोग।

जापान में कोरोना से निपटने के लिए टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा

जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कोरोनोवायरस महामारी से निपटने के लिए टास्क फोर्स गठित करने का आदेश दिया है। देश में संक्रमण का आंकड़ा 1307 हो गया है, जबकि 45 लोगों की मौत हो गई है। जापान कैबिनेट के मुख्य सचिव योशीहिदे सुगा ने गुरुवार को कहा कि टास्क फोर्स का गठन करने के लिए आपातकाल की स्थिति घोषित करने की जरूरत है। बुधवार को सबसे ज्यादा 98 नए मामले सामने आए।

टोक्यो का शिनागावा रेलवे स्टेशन।

हॉन्गकॉन्ग में बुधवार को 24 नए मामले

हॉन्गकॉन्ग में बुधवार को संक्रमण के 24 नए मामलों की पुष्टि हुई। यहां कुल 410 केस हो चुके हैं। यहां सरकार ने अन्य देशों के साथ सीमाएं बंद कर दी हैं। हालांकि, कम्युनिटी ट्रांसमिशन कम हो रहा है। यहां चार लोगों की मौत हो चुकी है।

हॉन्गकॉन्ग का डाउन टाउन स्ट्रीट।

इटली में क्वारैंटाइन का उल्लंघन करने पर जेल

इटली में एक दिन में कोरोना से 683 लोगों की मौत हुई है। यहां मौतों का आंकड़ा 7,503 हो चुका है। वहीं, संक्रमण का आंकड़ा 74,386 हो गया है। इटली में 9 मार्च से शुरू हुआ लॉकडाउन 3 अप्रैल को खत्म होने वाला है। मंगलवार को कोरोनावायरस को लेकर लापरवाही बरतने वाले लोगों से सख्ती से निपटने के लिए नई एडवाइजरी जारी की। इसमें होम क्वारैंटाइन का उल्लंघन करने वाले लोगों को जुर्माना और जेल भी हो सकती है।

इटली में लोगों ने मेडिकल स्टाफ और डॉक्टर्स का ताली बजाकर आभार जताया।

स्पेन में 24 घंटों में 656 लोगों ने जान गंवाई

उधर, स्पेन में 24 घंटों में 656 लोगों ने जान गंवाई है। यहां अब तक 3,647 मौतें दर्ज की जा चुकी है। स्पेन में मौतों का आंकड़ा चीन से भी ज्यादा हो गया है।  चीन में 3,287 लोग मारे जा चुके हैं। स्पेन की उप प्रधानमंत्री कार्मेन काल्वो बुधवार रात कोरोनावायरस से संक्रमित पाई गईं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, काल्वो की सेहत चार दिन से खराब थी। वे घर से ही आइसोलेशन में सरकारी कामकाज कर रही थीं। बुधवार रात उनकी पहली रिपोर्ट पॉजिटिव आई। स्पेन सरकार ने काल्वो के स्टाफ और उनके संपर्क में जो दूसरे लोग आए हैं, उन सभी को क्वारैंटाइन में जाने का आदेश दिया है। एक मेडिकल बोर्ड इन सभी की निगरानी करेगा।

स्पेन की उप प्रधानमंत्री कार्मेन काल्वो।

मिस्र की राजधानी काहिरा में शटडाउन

मिस्र और उसकी राजधानी काहिरा को बुधवार शाम शॉडाउन कर दिया गया। यहां करीब दो करोड़ लोग रहते हैं। अधिकारियों ने कोरोनावायरस से निपटने के लिए शहर में कर्फ्यू लगा दिया है। शहर में रेस्तरां और कैफे आमतौर पर सुबह तक खुले रहते हैं। लेकिन कर्फ्यू शुरू होने से पहले ही दुकानें और रेस्तरां बंद कर दी गईं। मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि देश में संक्रमण के मामले अब तक 456 हो चुके हैं। इसमें 21 लोगों की मौत हुई है और 95 स्वस्थ्य हुए हैं।

मिस्र में कर्फ्यू का पहला दिन। काहिरा में कसर इल नील स्ट्रीट पर ड्यूटी करता सुरक्षाकर्मी।

न्यूजीलैंड में एक दिन में सबसे ज्यादा 73 संक्रमित मिले

न्यूजीलैंड के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में कोरोनावायरस के 73 नए मरीज मिले हैं। यह देश में एक दिन में संक्रमण का सबसे ज्यादा मामला है। ज्यादातर मामलों में संक्रमितों का विदेश यात्रा का इतिहास रहा है। विदेश से लौटने के बाद वे किसी कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। इस तरह से संक्रमण का मामला बढ़ा है।

न्यूजीलैंड के शहर क्राइस्टचर्च में सुपरमार्केट में जाने के लिए लाइन में खड़े लोग।

संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित देश

देश संक्रमण मौत
चीन 81,285 3,287
इटली 74,386 7,503
अमेरिका 68,489 1,032
स्पेन 49,515 3,647
जर्मनी 37,323 206
ईरान 27,017 2077
फ्रांस 25,233 1,331
स्विट्जरलैंड 10,897 153
ब्रिटेन 9,529 465
दक्षिण कोरिया 9,241 131

भारतीय मूल के मशहूर शेफ फ्लॉयड नहीं रहे

भारतीय मूल के मशहूर शेफ फ्लॉयड कार्डोज का 18 मार्च को न्यूयॉर्क के एक अस्पताल में कोरोना टेस्ट किया गया था। उनका रिजल्ट पॉजिटिव आया था। इसके बाद से 59 साल के फ्लॉयड का न्यूजर्सी में इलाज चल रहा था। उनकी कंपनी हंगर इंक ने एक बयान में कहा, “बड़े दुख के साथ सूचित किया जा रहा है कि शेफ फ्लॉयड कार्डोज का 25 मार्च को निधन हो गया है। वे अपने परिवार में मां बेरिल, पत्नी बरखा और दो बेटों जस्टिस और पीटर को छोड़ गए हैं।”



Log In Your Account