दुबई में इंदौरियों ने बनाया ‘स्वादिष्ट और चटपटा ग्रुप’, ऑर्डर किया 300 किलो सेव-मिक्सचर, कार्गो फ्लाइट से हुई डिलीवरी

Posted By: Himmat Jaithwar
10/1/2020

दुबई में रहने वाले लोगों के वाट्सएप ग्रुप में इंदौर के नमकीन की चर्चा चली। देखते ही देखते 300 किलो नमकीन का ऑर्डर आ गया। वहां के लोगों ने इंदौर के एक नमकीन व्यवसायी से संपर्क किया। उन्होंने सभी लोगों तक नमकीन का ऑर्डर कार्गो फ्लाइट के जरिए रवाना किया। मुंबई होते हुए नमकीन दुबई तक पहुंच गया। कोरोना संक्रमण के बीच मार्च के बाद पहली बार इंदौर के नमकीन की खुशबू दुबई में महकेगी। दुबई में रहने वाले इंदौर के लोगों ने वाट्सएप ग्रुप बना रखा है। इसमें बात चली कि इंदौर के नमकीन की याद आ रही है।

मार्च से आवाजाही, फ्लाइट पूरी तरह से बंद है। ऐसे में इंदौर का नमकीन खाए करीब छह महीने हो गए। ग्रुप में ही शामिल लीना वैद्य और शिल्पा अग्रवाल ने कहा, क्यों न इंदौर का नमकीन दुबई में बुलवाने की व्यवस्थाएं की जाए। बाद में दोनों ने यहां परिचित नमकीन व्यवसायी से संपर्क किया। इसके बाद अलग से ‘स्वादिष्ट और चटपटा’ ग्रुप बनाया। इसमें इंदौर से जुड़े लोगों को जोड़ा गया। कुछ ही देर में 300 किलो से ज्यादा नमकीन का ऑर्डर आ गया।

इतना स्वादिष्ट... दुबई ही नहीं हर जगह इंदौरी नमकीन की डिमांड
दुबई में रहने वाली लीना वैद्य ने कहा, इंदौर का नमकीन हर जगह फेमस है। यहां से जो भी लोग बाहर जाते हैं या बाहर के लोग यहां आते हैं, वे या उनके रिश्तेदारों के जरिए नमकीन पहुंचता है। कोरोना महामारी के कारण फ्लाइट भी बंद हैं। हमारे ग्रुप में आधे घंटे से भी कम समय में 300 किलो से ज्यादा नमकीन की डिमांड आ गई। ये तो इंदौर से जुड़े कुछ ही लोग ग्रुप में शामिल हुए। प्रदेश और अन्य शहरों के लोगों को जोड़ लिया जाए तो यह डिमांड काफी बढ़ जाएगी। प्रदेश सरकार पहल कर इनकी ब्रांडिंग कर भिजवाने की व्यवस्थाएं कराए। इंदौर से इंटरनेशनल कार्गो फ्लाइट भी जल्द शुरू होना चाहिए।

व्यवस्थाएं ऐसी कि हर व्यक्ति के घर पहुंचा नमकीन
नमकीन व्यवसायी मनीष अग्रवाल कहते हैं, ऑनलाइन डिमांड और जानकारी आने के बाद नमकीन दुबई भिजवाया। व्यवस्थाएं ऐसी की गई कि हर व्यक्ति को उसके घर पर नमकीन मिलेगा। एक किलो नमकीन पर 350 रुपए भिजवाने का चार्ज लगा है।



Log In Your Account