लगातार दुष्कर्म से तंग महिला ने आरोपी को 25 बार मारे चाकू; महिला का आरोप-16 की उम्र में पहली ज्यादती की थी

Posted By: Himmat Jaithwar
10/14/2020

गुना। मैं नासमझ थी, वर्ष 2005 में सिर्फ 16 साल की थी, तब मेरे गांव के ही इसी बृजभूषण शर्मा ने मेरे साथ ज्यादती की। इसके बाद मेरे ऊपर अत्याचार का सिलसिला शुरू हो गया। वह आकर धमकाता था, और कभी भी मेरा दैहिक शोषण करता था। मेरी शादी हुई, तो मैंने सोचा अब मुझे इस आदमी से मुक्ति मिलेगी, लेकिन उसकी क्रूरता की हदें और बढ़ती गईं। शादी के बाद भी उसका मेरे ससुराल में गुना आना शुरू हो गया। जब वह चाहता था मेरा शारीरिक शोषण करता था। मैं तंग आ चुकी थी।

कई बार समझाया कि मेरा परिवार है और तेरा भी लेकिन वह नहीं मानता था। बचपन में डरी रहती थी, शादी के बाद यह डर था कि मेरे जीवन में जो घटा है, वह कहीं पति को नहीं पता चल जाए। बस इसी डर से सब सहती रही, मैं कब तक यह झेलती। सोमवार-मंगलवार रात भी जब पति घर पर नहीं थे, बृजभूषण शर्मा आ धमका और मेरे साथ जबरदस्ती की। मना करने पर भी वह नहीं माना। मैं किचन से चाकू लेकर आई और युवक पर लगातार हमले कर उसकी हत्या कर दी। तब मेरा गुस्सा शांत हुआ। जैसा की कैंट ऊपरी बाजार निवासी ने महिला ने बताया।

7 साल की बेटी जाग गई थी
महिला ने जब यह हमला किया, जब उसकी बेटी भी जाग गई थी लेकिन वह डर की वजह से पलंग पर ही बैठी रही। पुलिस पहुंची तब उसकी बेटी भी बैठी हुई थी, जो डरी हुई है। इस वजह से उससे पुलिस ने अभी कोई चर्चा भी नहीं की है। आज उससे बात की जा सकती है।

10 इंच लंबा चाकू मिला, इससे महिला सब्जियां काटती थी
घटना स्थल से पुलिस ने खून से सना हुआ चाकू और दो मोबाइल मिले हैं। एक मोबाइल महिला का है और दूसरा मृतक का। जब्त चाकू 10 इंच लंबा है, जो नुकीला है। इसका उपयोग महिला सब्जी आदि काटने के लिए करती थी।

चाकू के 25 वार... गुस्सा इतना कि 9 वार पीठ से छाती और पेट तक पहुंचे

महिला ने युवक के नृशंस तरीके से हत्या की। उसके साथ ज्यादती की गई। युवक नग्न अवस्था में था। इसी बीच महिला किचन से चाकू उठाकर लाई और पहला वार पूरी ताकत के साथ किया, जो पीठ से सीधे पेट तक पहुंचा। इस बार को युवक झेल न सका और भागने के लिए कपड़े पहनने की कोशिश करने लगा। तभी महिला ने लगातार चाकू से हमला किया। बृजभूषण शर्मा के पीठ पर कुल 21 घाव मिले हैं, इसके अलावा बाएं कंधे पर 1, बॉय कोहनी पर 1, बचाने के लिए उसने चाकू को पकड़ा है, इससे उसकी हथेलियां भी जख्मी हो गई। इस तरह 25 जगह चाकू के निशान हैं। इसमें से 19 गहरे घाव है, 9 तो पीठ से पेट, छाती तक निकल गए। जब तक युवक की मौत न हो गई, उस पर महिला चाकू से हमला करती रही।

पिटाई का वीडियो वायरल होने पर मृतक को कांग्रेस से पद से हटाया था
मृतक पूर्व कांग्रेस नेता का कुछ ही दिन पहले एक युवक की पिटाई करते हुए वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें मृतक ब्रजभूषण शर्मा नशे में एक युवक की पिटाई करते हुए उसे कांग्रेस के पक्ष में वोट डालने के लिए बोल रहा था। कांग्रेस ने जिला प्रवक्ता को पार्टी से निष्कासित कर दिया था।

रात 11 बजे मृतक घर आया, रेप किया, 12.30 बजे विवाद... हत्या
अशोकनगर जिले के सेहराई थाना क्षेत्र के गांव अचलगढ़ निवासी 35 वर्षीय बृजभूषण शर्मा की कैंट क्षेत्र के ऊपरी बाजार में इसी गांव में रहने वाली महिला ने हत्या कर दी। महिला का पति अशोकनगर जिले में शिक्षक हैं, वारदात के समय वह अशोकनगर में ही था। महिला के दो बच्चे हैं, एक लड़की है, जिसकी उम्र 7 साल और 4 साल का लड़का है। युवक सोमवार रात 11 बजे ऊपरी बाजार स्थित महिला के किराए के मकान में पहुंचा और अंदर घुस आया। वह नशे में भी था। कैंट थाना प्रभारी रामप्रकाश वर्मा ने बताया कि महिला का युवक से मंगलवार रात 12.30 बजे से 1.20 बजे के बीच विवाद हुआ है। इसी दौरान हत्या की गई है। रात 1.56 बजे महिला ने डायल 100 को कॉल कर सूचना दी, इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।

शारीरिक संबंध का वीडियो बनाकर कर रहा था ब्लैकमेल
वारदात के बाद महिला ने ही खुद पुलिस को कॉल कर अपना अपराध कबूल किया और खुद को पुलिस के हवाले भी कर दिया। आरोपी ने महिला के शारीरिक संबंध बनाते हुए वीडियो भी बना लिए थे, इन्हें वायरल करने की धमकी भी देता था। आरोपी महिला के खिलाफ पुलिस ने हत्या की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर अदालत पेश किया, जहां से जिसे सीधे जेल भेज दिया गया। मृतक अशोकनगर में पूर्व कांग्रेस प्रवक्ता था, जिसे पिछले दिनों ही पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था, क्योंकि उसने खुद का शराब के नशे में एक वीडियो वायरल कर दिया था।



Log In Your Account