पाकिस्तान के 2 पायलट्स का दावा- आसमान में उड़न तश्तरी देखी; इसका वीडियो भी बनाया

Posted By: Himmat Jaithwar
1/28/2021

पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) के दो पायलट्स ने दावा किया है कि उन्होंने शनिवार (23 जनवरी) को लाहौर और कराची के बीच उड़न तश्तरी (unidentified flying object या UFO) देखी। दोनों ने कॉकपिट से इसका वीडियो भी बनाया। वीडियो में एक तेज सफेद रोशनी का गोला चमकता नजर आता है। कॉकपिट में दोनों पायलट बातचीत भी सुनी जा सकती है।

बहुत तेज थी रोशनी
शनिवार को PIA की फ्लाइट नंबर PK-304 कराची से लाहौर जा रही थी। इसमें दो पायलट्स थे। शाम करीब चार बजे अचानक उन्होंने आसमान में एक तेज रोशनी का गोला देखा। यह तेजी से जगह बदल रहा था। ‘जियो न्यूज’ के मुताबिक, पायलट्स की नजर इस पर गई। कुछ देर बाद उन्होंने इसका वीडियो बनाना शुरू किया। बाद में यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। यह कथित उड़न तश्तरी रहीम यार खान इलाके में देखी गई।

पायलट्स ने क्या कहा
वीडियो बनाने वाले पायलट का नाम सामने नहीं आया। उसने कहा- उस वक्त सूरज की रोशनी काफी तेज थी। इसके बावजूद UFO काफी चमक रही थी। आमतौर पर दिन में इस तरह की चीजें सामने नहीं आतीं। हो सकता है यह कोई स्पेस स्टेशन या आर्टिफीशियल प्लेनेट रहा हो। इस इलाके के कुछ और लोगों ने भी यह UFO देखने का दावा किया है।

एयरलाइंस कंपनी ने कहा- हम दावे से नहीं कह सकते कि यह UFO थी। कुछ और भी हो सकता है। पायलट्स ने फौरन इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दे दी थी।

क्या हैं UFO
आसमान में उड़ती गोल आकार की अनजान वस्तुओं को सामान्य तौर पर उड़न तश्तरी या UFO कहा जाता है। कई दशकों से इनके बारे में दावे किए जाते रहे हैं। वैज्ञानिक भी इनकी मौजूदगी को लेकर एकराय नहीं हैं। कई लोग तो यह भी दावा करते हैं कि यह UFO दूसरे या उन ग्रहों से आती हैं जहां किसी न किसी रूप में इन्सान या एलियन्स की मौजूदगी है। पुख्ता सबूत कभी सामने नहीं आए। ‘हिस्ट्री चैनल’ के मुताबिक, अमेरिकी सरकार ने 1947 से 1969 के बीच प्रोजेक्ट ब्लू बुक के तहत इनकी जांच भी कराई थी। हालांकि, इसकी रिपोर्ट कभी पब्लिक नहीं की गई।

एरिया 51 कनेक्शन
अमेरिका के नेवादा राज्य में एक बेहद सुरक्षित और इतनी ही सीक्रेट लोकेशन है। इसे एरिया-51 कहा जाता है। ऊपरी तौर पर इसे US एयरफोर्स का स्टेशन कहा जाता है। लेकिन, कुछ लोग और यहां तक कि अमेरिकी दावा करते हैं कि इस जगह उड़न तश्तरी और एलियन्स से जुड़े कई राज मौजूद हैं। अप्रैल 2020 में अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन ने दावा किया था कि उसने दो UFO स्पॉट किए हैं।



Log In Your Account