दिल्ली में नड्डा से मिलकर लखनऊ लौटे भाजपा के प्रदेश प्रभारी, सीधे राज्यपाल से मिले; बोले- मंत्रिमंडल विस्तार पर फैसला योगी करेंगे

Posted By: Himmat Jaithwar
6/6/2021

लखनऊ। संघ, भाजपा और मोदी-शाह ने पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव और वहां की सरकार की सर्जरी को लेकर अहम बैठकें की हैं। इसके बाद यूपी की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह शनिवार को दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ मौजूद थे और वे अचानक लखनऊ लौट आए। रविवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात करने पहुंचे हैं। इसके साथ ही एक बार फिर योगी मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चा तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक, राधा मोहन सिंह विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित से भी मिल सकते हैं।

राज्यपाल से मिलने जाने से पहले राधा मोहन सिंह ने कहा कि जब से मैं प्रदेश का प्रभारी बना हूं, तब से राज्यपाल महोदय से मुलाकात नहीं हुई है। यह एक शिष्टाचार भेंट है। मंत्रिमंडल विस्तार के सवाल पर उन्होंने कहा कि जो भी पद खाली हैं, उचित समय आएगा तो उन्हें मुख्यमंत्री स्वयं भरेंगे। मुख्यमंत्री के सवाल पर उन्होंने कहा कि सीएम अच्छा काम कर रहे हैं। सभी उनका लोहा मानते हैं, कोरोना से निपटने में उन्होंने किस तरह काम किया है, यह सब जानते हैं।

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से बातचीत करते भाजपा के यूपी प्रभारी राधा मोहन सिंह।

सरकार और संगठन अच्छे से काम कर रही है
राधा मोहन बोले- सरकार और संगठन अच्छे से काम कर रही है। कुछ लोगों के अपने दिमाग की खेती है, जो कुछ भी कह रहे हैं। हमने पंचायत चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया है। पहले स्थानीय पार्टी के ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा सीटें हुआ करती थीं, लेकिन हमने इस बार ज्यादा सीटें जीती हैं। जिला पंचायत के चुनाव में भी अच्छा प्रदर्शन किया और जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव ने मंत्रिमंडल विस्तार के सवाल पर कहा कि मुख्यमंत्री बहुत मेहनती हैं। 24 घंटे काम करते हैं। कानून का राज है। इसके पहले जिन लोगों की सरकार रही आप लोगों ने उसको देखा है, किस तरह से एक पार्टी की सरकार रही है। भ्रष्टाचार की सरकार रही है।

देर रात प्रदेश अध्यक्ष संगठन मंत्री के साथ की बैठक
दिल्ली से लखनऊ आए प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह ने शनिवार देर रात प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व महामंत्री सुनील बंसल के साथ बैठक की। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से मिले दिशा-निर्देश पर चर्चा हुई। राधा मोहन रविवार को भी पार्टी की बैठक में शामिल होंगे। भाजपा प्रदेश कार्यालय में बैठक के बाद अचानक उनका कार्यक्रम राज्यपाल से मिलने का तय हुआ था।

पांच राज्यों के चुनाव की तैयारियां हुई तेज
भाजपा ने यूपी समेत पांच विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है। दिल्ली में पार्टी ने शनिवार को महासचिव और मोर्चा पदाधिकारियों की बैठक बुलाकर हालात का जायजा लिया तो रविवार को राज्यों के प्रभारियों से चर्चा होंगी।

शनिवार की बैठक के बाद पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और संगठन महासचिव बीएल संतोष ने प्रधानमंत्री से मुलाकात कर उन्हें रिपोर्ट सौंपी है। मोदी सरकार के सात साल पूरे होने के मौके पर पार्टी ने 'सेवा ही संगठन' नाम से अभियान चलाया था और कोरोना पीड़ितों की मदद की थी।

अगले साल उत्तराखंड, उप्र, पंजाब, गोवा व मणिपुर के चुनाव हैं। पार्टी के लिए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश ज्यादा महत्वपूर्ण हैं। शनिवार की बैठक में उत्तर प्रदेश के प्रभारी राधामोहन सिंह को भी बुलाया गया था। सिंह बैठक के बाद तुरंत लखनऊ निकल गए थे। उन्हें दिल्ली से कुछ संदेश देकर भेजा गया है।



Log In Your Account