BJP के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल रॉय और उनके बेटे आज TMC में शामिल होंगे, ममता से मिलने के लिए अपॉइंटमेंट लिया

Posted By: Himmat Jaithwar
6/11/2021

नवंबर 2017 में TMC छोड़कर BJP ज्वॉइन करने वाले मुकुल रॉय आज फिर TMC में शामिल होने जा रहे हैं। अभी वे BJP के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। लेकिन विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से ही उन्होंने पार्टी से दूरी बनाना शुरू कर दी थी। भास्कर को विश्वस्त सूत्रों ने बताया कि उन्होंने दो-तीन दिन पहले ही दीदी से मिलने के लिए अपॉइंमेंट ले लिया था और आज वे TMC में शामिल हो जाएंगे।

मुकुल रॉय को BJP ने कृष्णनगर उत्तर सीट से चुनावी मैदान में उतारा था। उन्होंने TMC की उम्मीदवार कौशानी मुखर्जी को 35 हजार से ज्यादा वोटों से हराया था। मुकुल रॉय के बेटे शुभ्रांग्शु रॉय को भी BJP ने टिकट दिया था लेकिन वे हार गए। अब पिता-पुत्र दोनों ही TMC में शामिल होने जा रहे हैं।

मुकुल रॉय और उनके बेटे के TMC में शामिल होने के कयास चुनावी नतीजों के बाद से ही लगाए जा रहे थे। बीते कुछ दिनों से वे पार्टी की बैठकों में भी शामिल नहीं हो रहे थे। पार्टी ने वजह बताई थी कि उनकी पत्नी की तबियत ज्यादा खराब है इसलिए वे बैठक में नहीं आ रहे। वहीं उनके बेटे शुभ्रांग्शु ने भी कुछ दिनों पहले अपनी फेसबुक पोस्ट के जरिए BJP को निशाने पर लिया था।

जैसा कद शुभेंदु का बढ़ा, वैसा मुकुल का नहीं
TMC के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि मुकुल रॉय को BJP ने उचित सम्मान नहीं दिया इसलिए वे दोबारा TMC में वापसी कर रहे हैं। शुभेंदु अधिकारी का कद जिस तेजी से BJP में बढ़ा है, वैसा सम्मान मुकुल को नहीं मिया। ये भी उनकी बेचैनी की एक वजह है। जबकि TMC में मुकुल रॉय का कद कभी नंबर-2 का हुआ करता था।

राजीव बनर्जी भी दौड़ में, दीदी सभी को शामिल करने के मूड में नहीं
मुकुल रॉय के अलावा BJP के करीब 33 विधायक-सांसद ऐसे हैं, जो दोबारा TMC में शामिल होना चाहते हैं। इनमें राजीव बनर्जी, सोवन चटर्जी, सरला मुर्मु, पूर्व विधायक सोनाली गुहा और फुटबॉलर से राजनेता बने दीपेंदू विश्वास जैसे नेता शामिल हैं।

हालांकि TMC के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि दीदी सभी को शामिल करने के मूड में नहीं हैं, क्योंकि इससे पार्टी में असंतोष बढ़ेगा। पार्टी का एक धड़ा चाहता है कि जिन्होंने चुनाव के पहले गद्दारी की अब उन्हें दोबारा पार्टी में शामिल नहीं किया जाना चाहिए।

BJP में जाने के पहले तक राजीव बनर्जी भी ममता के खास रहे हैं और TMC के टिकट पर जीतते रहे हैं। लेकिन BJP में आने के बाद वे चुनाव हार गए। TMC का एक धड़ा चाहता है कि जो हारने के बाद वापस आना चाहते हैं उन्हें तो बिल्कुल ही नहीं लिया जाना चाहिए। हालांकि ममता बनर्जी ने अभी इस बारे में कोई फैसला नहीं लिया है।

मुकुल ने ही BJP को पंचायत चुनाव में दिलाई थी जीत
मुकुल रॉय के चुनावी प्रबंधन का ही कमाल था कि BJP ने 2018 में हुए पंचायत चुनाव में कई सीटों पर अच्छा परफॉर्म किया था। इसके बाद लोकसभा में पार्टी ने 18 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया था। इसके पीछे भी मुकुल रॉय का बड़ा रोल रहा। TMC में वे जब तक रहे उन्होंने पर्दे के पीछे से ही चुनावी रणनीति बनाने का काम किया। दीदी के लिए वे शुरूआत से जुड़े थे।



Log In Your Account