चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने लेडी माउंटबेटन के साथ मिल नेहरू पर भारत के टुकड़े करने का लगाया आरोप, कहा कांग्रेसी नेताओं में DNA वही

Posted By: Himmat Jaithwar
6/14/2021

भोपाल। पूर्व CM और कांग्रेस के सीनियर नेता दिग्विजय सिंह के क्लब हाउस चैट के दौरान की टिप्पणी पर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने तीसरे दिन भी दिग्विजय सिंह और कांग्रेस पर हमला बोला। सारंग ने कहा कि दिग्विजय सिंह गद्दार हैं। वह खाते हिंदुस्तान की हैं, गाते पाकिस्तान की हैं। कांग्रेस पूरी तरह से पाकिस्तान परस्ती का काम कर रही है। लेडी माउंटबेटन के साथ मिलकर पंडित जवाहरलाल नेहरू ने भारत के टुकड़े करने का जो काम किया था, वही DNA आज भी कांग्रेस के नेताओं में मौजूद है। सारंग ने कहा कि कश्मीर को भारत से अलग करने के लिए जवाहरलाल नेहरू ने धारा 370 लगाई थी और उनके समय से ही कांग्रेस के नेताओं ने इस देश में अराजकता फैलाने का काम किया है।

बता दें कि दिग्विजय सिंह ने क्लब हाउस चैट के दौरान कहा था कि जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाना और राज्य का दर्जा खत्म करना ‘बहुत दुखद’ है तथा उनकी पार्टी इस पर पुनर्विचार करेगी। इस पर भाजपा लगातार हमलावर है।

पाकिस्तान और चीन के एजेंडे पर काम करते हैं कांग्रेसी

सारंग ने कहा कि चाहे राहुल गांधी, सोनिया गांधी, दिग्विजय सिंह, कमलनाथ हों या अन्य कोई कांग्रेसी नेता, ये लोग लगातार पाकिस्तान और चीन के एजेंडे पर काम कर रहे हैं। दिग्विजय सिंह भूल गए हैं कि इस देश की सदन में आर्टिकल 370 हटाई गई थी। भारत लोकतंत्र के आधार पर चलने वाला देश है।

जनता माफ नहीं करेगी

सारंग ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने देश के साथ गद्दारी की है। कांग्रेस को आगे आकर इस पर स्पष्टीकरण देना चाहिए, नहीं तो दिग्विजय सिंह की इस चैट को कांग्रेस का ऑफिशियल बयान माना जाएगा। सारंग ने कहा कि दिग्विजय सिंह और कांग्रेस को चेतावनी देना चाहता हूं कि यदि इस तरह का वह काम करेंगे तो देश की जनता उन्हें माफ नहीं करेगी।

इससे पहले शनिवार को चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने दिग्विजय के बयान को देश के साथ गद्दारी बताया था। सारंग ने कहा था कि दिग्विजय ने जिस प्रकार से क्लब हाउस में पाकिस्तान के पत्रकारों के बीच में आर्टिकल 370 के बारे में जो टिप्पणी की है वह देशद्रोह की श्रेणी में आता है।



Log In Your Account