फ्लोर टेस्ट से पहले दिल्ली में भाजपा की बैठक: शिवराज सिंह भाजपा विधायकों से मिलने गुड़गांव पहुंचे, सॉलिसिटर जनरल से भी चर्चा की

Posted By: Himmat Jaithwar
3/15/2020

भोपाल/नई दिल्ली | मध्य प्रदेश में कमलनाथ सरकार के फ्लोर टेस्ट से पहले भाजपा और कांग्रेस तैयारियों में जुटी हैं। मुख्यमंत्री कमलनाथ को 16 मार्च यानी सोमवार को विधानसभा में बहुमत साबित करना है। इससे पहले रविवार को जयपुर में ठहरे कांग्रेस के 85 विधायकों के भोपाल पहुंचने पर सियासी हलचल और तेज हो गई। दिल्ली में भाजपा नेताओं के बीच बैठकों का दौर जारी है। सुबह केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के आवास पर ज्योतिरादित्य सिंधिया, शिवराज सिंह और धर्मेंद्र प्रधान ने फ्लोर टेस्ट की रणनीति पर चर्चा की। इसके बाद चारों नेता सॉलिसीटर जनरल तुषार मेहता से मिलने पहुंचे। शिवराज सिंह 105 भाजपा विधायकों से मिलने गुड़गांव के आईटीसी ग्रैंड होटल भी गए।

सूत्रों के मुताबिक, ज्योतिरादित्य सिंधिया के भोपाल लौटने पर रविवार रात या सोमबार सुबह बेंगलुरु के रिसॉर्ट में ठहरे उनके खेमे के 22 विधायकों को भोपाल लाया जाएगा। यह भी कहा जा रहा है कि विधायकों को फ्लोर टेस्ट के लिए बेंगलुरु से सीधे विधानसभा लाया जा सकता है। सिंधिया समर्थक विधायकों ने भोपाल आने से पहले जान को खतरा बताते हुए सीआरपीएफ से सुरक्षा मांगी है। दूसरी ओर, फ्लोर टेस्ट से पहले भाजपा ने अपने विधायकों के लिए व्हिप जारी किया।

हमारे विधायक एक घंटे में ही भोपाल आ जाएंगे: नरोत्तम

पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, ''कुहासे और धुंध के बादल छटते जा रहे हैं। शाम तक बहुत सारे बादल जा चुके होंगे और वह सभी बातों पर तैयार हो जाएंगे। राज्यपाल और विधानसभा अध्यक्ष दोनों संवैधानिक पद पर बैठे हुए हैं। दोनों सही निर्णय लेंगे। हमारे विधायक पास में ही हैं, एक घंटे में आ जाएंगे, प्रतीक्षा करिए। सिंधिया भाजपा नेता हैं और उनके समर्थक भी उनके साथ हैं।'' अन्य विधायकों के इस्तीफे और विधानसभा अध्यक्ष की कार्रवाई पर मिश्रा ने कहा कि 24 घंटे में सब कुछ सामने आ जाएगा। कांग्रेस चाहे तो सुप्रीम कोर्ट चली जाए। उनके मंत्रियों के प्रति मेरी संवेदना है, अब तो चला चली की बेला है।

10 मार्च को भाजपा विधायकों को हरियाणा भेजा गया था

भाजपा के पास 107 विधायक हैं। इनमें से 105 विधायकों को भाजपा ने 10 मार्च की रात ही भोपाल में पार्टी मुख्यालय से बसों में बैठाकर दिल्ली रवाना कर दिया था। इन्हें गुड़गांव के होटल में ठहराया गया है। बाकी 2 विधायकों में शिवराज सिंह और नारायण त्रिपाठी हैं। इन विधायकों के रविवार रात भोपाल पहुंचने की संभावना है।



Log In Your Account