सोमवार को बीजेपी में शामिल होंगे कैप्टन अमरिंदर सिंह, उनकी पार्टी PLC का भी विलय संभव

Posted By: Himmat Jaithwar
9/16/2022

पंजाब : पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब लोक कांग्रेस के प्रमुख कैप्टन अमरिंदर सिंह भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं। उनकी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस (PLC) के प्रवक्ता प्रीतपाल सिंह बलिवाल ने ये जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि 19 सितंबर यानी सोमवार को दिल्ली में कैप्टन अमरिंदर सिंह बीजेपी में शामिल होंगे। उनकी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस के भी भाजपा में विलय की संभावना है। माना जा रहा है कि दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में 19 सितंबर को कैप्टन अमरिंदर सिंह पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण करेंगे। उनके साथ पंजाब के कई पूर्व विधायक और नेता भाजपा का दामन थामेंगे।
नई पारी की शुरुआत
80 साल की उम्र में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नई राजनीतिक पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। उन्होंने पिछले साल मुख्यमंत्री पद से अचानक इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस छोड़ दी थी और पीएलसी का गठन किया था। पीएलसी के प्रवक्ता प्रीतपाल सिंह बलियावाल ने बताया कि पीएलसी में शामिल हुए सात पूर्व विधायक और एक पूर्व सांसद भी सोमवार को भाजपा में शामिल होंगे। वहीं पीएलसी के अन्य पदाधिकारी और जिला अध्यक्ष अगले सप्ताह चंडीगढ़ में एक अलग कार्यक्रम में भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

राजनीति के पुराने खिलाड़ी
रीढ़ की हड्डी की सर्जरी के बाद लंदन से हाल में लौटे अमरिंदर सिंह ने बीते पखवाड़े में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। उनकी 12 सितंबर को अमित शाह के साथ मुलाकात हुई थी और माना जा रहा है तभी इसका फैसला हो गया था। दो बार मुख्यमंत्री रह चुके सिंह पूर्ववर्ती पटियाला शाही परिवार के वंशज हैं। उन्होंने पिछले साल चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। उनकी पार्टी PLC ने भाजपा और सुखदेव सिंह ढींढसा की अगुवाई वाले शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ गठबंधन कर विधानसभा चुनाव लड़ा था। हालांकि, उसका एक भी उम्मीदवार जीत हासिल नहीं कर पाया था । खुद अमरिंदर सिंह को भी अपने गढ़ पटियाला शहरी सीट पर शिकस्त मिली थी।



Log In Your Account