कमलनाथ के बंगले पर कांग्रेस का मॉक पोल; क्रॉस वोटिंग की आशंका, इसलिए दिग्विजय की जीत पक्की करने के लिए 52 की जगह 54 विधायक वोट देंगे

Posted By: Himmat Jaithwar
6/18/2020

भोपाल. राज्यसभा चुनाव से एक दिन पहले यानी गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सिंह के बंगले पर वोटिंग को लेकर मॉक पोल हुआ। कांग्रेस को क्राॅस वोटिंग की आशंका है, इसलिए पार्टी के उम्मीदवार दिग्विजय सिंह की जीत सुनिश्चित करने के लिए 52 की जगह 54 विधायकों को वोट डालने के निर्देश दिए गए। पार्टी की ओर से दावा किया गया कि सभी विधायक एकसाथ हैं। कहीं कोई चूक न हो जाए, इसलिए दो अतिरिक्त विधायकों को दिग्विजय को ही वोट करने को कहा है।

कमलनाथ के बंगले पर सुबह से ही सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। चुनाव के पहले मॉक पोल कराया गया।   

इसके साथ अब राज्यसभा की दो सीटों पर भाजपा और एक पर कांग्रेस की जीत पक्की हो गई है। इधर, एक दिन पहले कांग्रेस की पार्टी मीटिंग से गायब रहने वाले 5 विधायक भी पहुंच गए, जबकि कुणाल चौधरी कोरोना संक्रमित होने के कारण नहीं आए।

अब फूल सिंह को 38 विधायक वोट करेंगे
कांग्रेस ने अपने दोनों उम्मीदवारों में से पहली वरीयता दिग्विजय सिंह को दी है। दूसरी वरीयता फूल सिंह बरैया की है। कांग्रेस के पास कुल विधायकों की संख्या 92 है। राज्यसभा की एक सीट को जीतने के लिए 52 वोटों की जरूरत होगी। पार्टी के 54 विधायकों के दिग्विजय को वोट देने के बाद शेष 38 विधायक बरैया को वोट करेंगे। जबकि भाजपा के 107 विधायक हैं। इसके अलावा, दो निर्दलीय, दो बसपा और एक सपा का भी समर्थन है। यानी विधायकों की संख्या 114 हो जाएगी।

मॉक पोल के दौरान सीनियर नेताओं ने विधायकों को वोट करने के बारे में बताया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी भी इसमें शामिल हुए।

सीनियर नेता भी पहुंचे
मॉल पोल में सीनियर नेताओं ने विधायकों को वोट करने के बारे में बताया। उन्हें क्या-क्या और कैसे करना है- इसे करके दिखाया गया। इसके बाद सभी नेता एक-एक कर वहां से वापस चले गए। 

सिर्फ विधायकों को ही प्रवेश दिया गया
सुबह से ही कमलनाथ के श्यामला हिल्स स्थित आवास पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। मुख्य गेट से सिर्फ पार्टी के विधायकों और सीनियर नेताओं को प्रवेश दिया गया। इसके अलावा किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया गया। सिर्फ कुछ खास लोगों की गाड़ियां बंगले के अंदर तक जा सकीं। अन्य नेताओं को गाड़ी बाहर खड़ी करके पैदल ही अंदर जाना पड़ा।

कांग्रेस ने यह तय किया
1. पहले प्रत्याशी दिग्विजय रहेंगे। दूसरे फूल सिंह बरैया होंगे।
2. वोटिंग के दिन कमलनाथ के घर से एक साथ सभी विधायक चुनाव के लिए जाएंगे।
3. पहले 54 विधायक दिग्विजय का नाम पहले नंबर पर लिखेंगे। कमलनाथ का वोट भी दिग्विजय को।
4.एक दिन पहले गायब लक्ष्मण सिंह समेत अन्य विधायक भी पहुंचे।



Log In Your Account