सपा-बसपा विधायक ने भाजपा प्रत्याशी को वोट दिया, बोले- हमने अंतरात्मा की आवाज पर मतदान किया

Posted By: Himmat Jaithwar
6/19/2020

भोपाल. राज्यसभा के चुनाव में मध्य प्रदेश के सपा और बसपा विधायकों ने भाजपा के पक्ष में वोट किया है। वोट डालकर बाहर आए समाजवादी पार्टी विधायक राजेश सिंह और बहुजन समाज पार्टी के विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने कहा- हमने अन्तरात्मा की आवाज़ पर वोट किया है। इधर, राज्यसभा की 3 सीटों पर विधानसभा में वोटिंग जारी है। इधर, विधानसभा में अब तक 205 विधायकों ने मतदान कर दिया है। अब केवल एक विधायक की वोटिंग शेष है। कोरोना पॉजिटिव होने के कारण सबसे आखिरी में वोट डालने पहुंचेंगे कांग्रेस के कालापीपल विधायक कुणाल चौधरी। वह पीपीई किट पहनकर वोट डालेंगे।  

मध्यप्रदेश में तीन राज्यसभा सीटों के लिए विधानसभा में वोटिंग जारी है। मतदान के बीच कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। यहां बसपा विधायक ने पाला बदलते हुए भाजपा प्रत्याशी को समर्थन देने की घोषणा की। बहुजन समाज पार्टी के विधायक संजीव सिंह कुशवाहा वोट देकर बाहर निकले और उन्होंने कहा कि मैं क्षेत्र के विकास के लिए शिवराज सरकार के साथ हूं। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ अपनी सरकार नहीं बचा सके और वोटों का गणित भाजपा की 2 सीटों के लिए है तो हम उनके साथ हैं और क्षेत्रीय विकास के लिए उनके साथ जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विधायकों के साथ विधानसभा में वोटिंग करने पहुंचे। 

सपा विधायक ने भी भाजपा के पक्ष में डाला वोट 
इसके अलावा भाजपा को सपा विधायक राजेश शुक्ला का भी साथ मिल गया है। समाजवादी पार्टी के विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि उन्होंने सुमेर सिंह सोलंकी भाजपा प्रत्याशी को वोट दिया है। क्षेत्र के विकास के लिए वे भाजपा प्रत्याशी के साथ हैं। वहीं, पथरिया से बसपा विधायक रामबाई पहले ही कह चुकी हैं कि वह कमलनाथ के साथ थीं, कांग्रेस के साथ नहीं। उन्हें अपने क्षेत्र का विकास करना है। इधर, विधानसभा में शुरूआती तीन घंटे में करीब 200 वोट डाले जा चुके हैं। 

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ विधानसभा में विधायकों के साथ मतदान करने पहुंचे। 

केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में भाजपा ने जुटाए थे 113 नंबर 
केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी के साथ गुरुवार को हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में पार्टी के 106 विधायकों (स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के कारण नीना वर्मा नहीं पहुंचीं) के साथ तीन निर्दलीय, दो बसपा और एक सपा विधायक भी भाजपा के पाले में नजर आए। इससे भाजपा के पास अब 113 विधायक का नंबर है। विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसका ऐलान भी किया। चौथे निर्दलीय विधायक केदार डाबर भी भाजपा के संपर्क में हैं। इधर, कांग्रेस अपने 92 विधायकों के साथ है। प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने व्हिप जारी कर दिया है। ऐसी सूरत में कांग्रेस की एक सीट पर जीत तय हो गई है।

तीन सीटों के लिए चार उम्मीदवार मैदान में

राज्यसभा की रिक्त तीन सीटों के लिए हो रहे चुनाव में चार उम्मीदवार मैदान में हैं। इसमें भाजपा के ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुमेरसिंह सोलंकी तथा कांग्रेस के दिग्विजय सिंह और फूलसिंह बरैया हैं।

यह है दलीय स्थिति

  • कुल सीट -230
  • भाजपा- 107
  • कांग्रेस- 92
  • निर्दलीय- चार
  • बसपा-दो
  • सपा- एक
  • रिक्त- 24



Log In Your Account