बड़ी वारदात की फिराक में था युवक? दीनदयाल नगर पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा खतरा, चाकू सहित दबोचा गया आरोपी
RATLAM तेज़ इंडिया टीवी डेस्क। दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र में पुलिस की मुस्तैदी ने एक संभावित बड़ी घटना को होने से पहले ही रोक दिया। देर शाम क्षेत्र में गश्त और संदिग्धों की चेकिंग के दौरान थाना प्रभारी अनुराग यादव अपनी टीम के साथ भ्रमण पर थे। इसी दौरान पुलिस जवानों की नजर एक युवक पर पड़ी, जिसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हो रही थीं।
शक होने पर पुलिस ने युवक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद हुआ। हथियार मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसकी पहचान राकेश पिता मान सिंह पारंगी (25 वर्ष), निवासी राम रहीम नगर के रूप में हुई।
सूत्रों के अनुसार, युवक के पास से धारदार हथियार मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस का मानना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से किसी गंभीर आपराधिक घटना की आशंका को टाला जा सका। थाना प्रभारी अनुराग यादव के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवक धारदार हथियार लेकर क्षेत्र में किस उद्देश्य से घूम रहा था और उसके किसी आपराधिक गतिविधि से संबंध तो नहीं हैं।
दीनदयाल नगर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है।