रतलाम फायरिंग कांड में बड़ा एक्शन: गोलू बाबा और विशाल टाक पर NSA, 9 आरोपी गिरफ्तार, हथियारों के नेटवर्क के खुलासे से मचा हड़कंप
रतलाम तेज़ इंडिया टीवी डेस्क। बहुचर्चित ज्वेलर फायरिंग कांड में पुलिस ने एक और बड़ा कदम उठाते हुए आरोपी विशाल टाक और योगेंद्र उर्फ गोलू बाबा पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई कर दी है। इस सख्त कार्रवाई के बाद अपराध जगत से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस जांच में लगातार चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पूछताछ में सामने आया है कि हथियारों की सप्लाई का एक पूरा नेटवर्क इस वारदात के पीछे सक्रिय था। जांच के अनुसार नया गांव निवासी अर्जुन सिसोदिया ने शेरनीपुरा निवासी सेराज खान से 30 हजार रुपये में हथियार खरीदा था। इसके बाद यह हथियार योगेंद्र उर्फ गोलू बाबा तक पहुंचा। अब पुलिस इस नेटवर्क की हर कड़ी को खंगाल रही है।
सूत्रों के मुताबिक, फायरिंग कांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए नाम सामने आ रहे हैं। पुलिस अब तक इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि कई अन्य संदिग्धों की भूमिका भी जांच के दायरे में बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह सिर्फ फायरिंग की घटना नहीं, बल्कि इसके पीछे एक संगठित आपराधिक तंत्र काम कर रहा था। इसी वजह से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विशाल टाक और गोलू बाबा पर NSA लगाए जाने को पुलिस की बड़ी और निर्णायक कार्रवाई माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं तथा गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़ सकती है। पूरे मामले पर पुलिस की नजर बनी हुई है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।