लॉकडाउन के मध्य भाजपा महिला मोर्चा ने सांवेर उपचुनाव को लेकर आयोजित की पत्रकार वार्ता, कहा- पार्टी ने कहा था इसे अत्यावश्यक कार्य माना जाए

Posted By: Himmat Jaithwar
7/12/2020

इंदौर. कोरोनावायरस के लगातार बढ़ते प्रकोप को कम करने के लिए रविवार को इंदौर में संपूर्ण लॉकडाउन लगाया गया है। सोमवार सुबह तक लगे कर्फ्यू के दौरान चौराहों पर पुलिस का कड़ा पहरा है, किसी काम से घर से बाहर निकले लोगों को वापस लौटाया जा रहा है। ऐसे में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा पत्रकार वार्ता का आयोजन कर लिया गया। मीडिया ने लॉकडाउन के दौरान जब इस आयोजन पर सवाल किया तो भाजपा नेत्री ने इसे अत्यावश्यक कार्यों की श्रेणी में बताया।


रविवार को लॉकडाउन और कर्फ्यू होने के बावजूद भाजपा महिला मोर्चा द्वारा सांवेर उपचुनाव को लेकर पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। पत्रकार वार्ता के दौरान इस आयोजन पर सवाल उठे तो भाजपा नेत्री अंजू माखिजा ने कहा कि लॉकडाउन पहले भी था तब भी आवश्यक कार्य होते थे, उनकी अलग सूची बनी थी। पार्टी ने सोचा कि लॉकडाउन भी होता है तो इसे आवश्यक कार्य की सूची में लेकर प्रेस कांफ्रेंस करना है। यह कार्यक्रम पहले से तय था इसमें बदलाव नहीं किया जा सकता था। तीन दिन पहले ही कार्यक्रम तय हो गया था कि 12 जुलाई को पत्रकार वार्ता होगी और 13 जुलाई से सांवेर विधानसभा में हर-हर मोदी, घर-घर तुलसी अभियान प्रारंभ होगा। यदि पत्रकार वार्ता नहीं करते तो अभियान की जानकारी अखबारों में छप नहीं पाती। वहीं कांग्रेस द्वारा लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन कर प्रेस वार्ता आयोजित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।


प्रशासन जारी किए पास
अंजू माखीजा ने कहा कि लॉकडाउन को देखते हुए पार्टी ने इस कार्यक्रम के लिए विशेष तैयाारी की थी। हमारे लिए पास की व्यवस्था भी की गई थी। तभी यहां कोई बड़ा नेता नहीं दिख रहा है नहीं तो जब भी पत्रकार वार्ता का आयोजन होता है नेताओं की भीड़ लग जाती है। वहीं प्रशासनिक सूत्रों ने लॉकडाउन के दौरान किसी भी प्रकार के पास जारी करने से इंकार किया है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि जब शहर में कर्फ्यू लगा है, किसी को घर से बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है ऐसे में इन नेताओं को आयोजन की अनुमति कैसे मिल गई।



Log In Your Account