रतलामः कांग्रेस में होने वाला है बड़ा बदलाव

Posted By: Himmat Jaithwar
7/13/2020

रतलाम. कांग्रेस में बड़ा बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है। यह बदलाव की शुरुआत मध्यप्रदेश के रतलाम शहर से होगी। रतलाम वो शहर है जहां से 1977 से लगातार कांगे्रस विधानसभा चुनाव में हार रही है। इतना ही नहीं, प्रत्यक्ष हुए नगर निगम के चुनाव में पार्षद से लेकर महापौर पद तक में कांग्रेस को पराजय मिली है। इसलिए अब बड़े बदलाव की तैयारी शुरू कर दी गई है।

शहर कांग्रेस एक नया नवाचार करने जा रही है। प्रत्येक दो वॉर्ड में एक प्रभारी को नियुक्त करने जा रही है। इसके अलावा बूथ स्तर पर भी जवाबदेह को नियुक्त करेगी। यह सब आगामी 14 जुलाई को होने वाली कांग्रेस की बड़ी बैठक में होगा। कांगे्रस के अनुसार सारी कयावद नगर निगम के संभावित चुनाव को देखते हुए की जा रही है। पिछले चार चुनाव से महापौर पद से दूर कांग्रेस इस बार नवाचार करके कुछ बड़ा करने के प्रयास में है।

हाल ही में अधिक समय नहीं हुआ है जब शहर कांग्रेस की कमान में बदलाव करते हुए यह जवाबदेही महेंद्र कटारिया को दी गई। छात्र जीवन से संघर्ष करने वाले कटारिया ने पद लेते ही नगर निगम द्वारा पेयजल कर में जुर्माना लेने पर आंदोलन किया। इसके अलावा अन्य आंदोलन भी हुए। अब शहर कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में काम करने जा रही है। कुछ दिन पूर्व ही शहर कांग्रेस की एक बड़ी बैठक हुई थी। उसमे कई निर्णय लिए गए थे, अब इसी की कड़ी में 14 जुलाई को होने वाली बैठक में संगठन के लिए महत्वपूर्ण निर्णय होने है।

बूथ से लेकर वॉर्ड पर नजर
शहर में करीब 256 बूथ व 49 वॉर्ड है। अब इन प्रत्येक बूथ पर एक प्रभारी की नियुक्ति 14 जुलाई को करने की योजना है। इसके अलावा दो वॉर्ड में एक प्रभारी की नियुक्ति भी होगी। वॉर्ड प्रभारी की ही यह जिम्मेदारी होगी की अपने प्रभार वाले वॉर्ड में लगातार भ्रमण करें व आमजन की समस्या की साप्ताहिक रिपोर्ट शहर कांग्रेस को दे। इसके लिए सोशल मीडिया पर भी कांग्रेस स्वयं को मजबूत करने जा रही है।

निगम चुनाव की तैयारी
इन सब के पीछे नगर निगम के नवबंर माह में संभावित चुनाव को कारण माना जा रहा है। पिछले चार चुनाव में महापौर पद कांग्रेस के हाथ से फिसलता रहा है। इस बार कांग्रेस का प्रयास है कि कुछ बड़ा करके महापौर पद लिया जाए। इसके लिए ही वॉर्ड में संगठन को मजबूत करने की कोशिश है। हालांकि इसमे कितनी सफलता मिलेगी यह आने वाले समय में तय होगा, लेकिन इस समय तो सभी की नजर 14 जुलाई को होने वाली बैठक पर है।

संगठन को मजबूत करना है
निश्चित रुप से भविष्य में होने वाले हर चुनाव में पार्टी मैदान में उतरेगी व ताकत से जितेगी भी, लेकिन फिलहाल प्राथमिकता संगठन को मजबूत करना है। इसलिए ही बैठक का आयोजन रखा जा रहा है।
- महेंद्र कटारिया, शहर कांग्रेस अध्यक्ष



Log In Your Account