ग्वालियर में केंद्रीय मंत्री तोमर के करीबी जय सिंह के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें, कमलनाथ से आधे घंटे बंद कमरे में बातचीत हुई

Posted By: Himmat Jaithwar
7/18/2020

विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस में राजनीतिक खींचतान चल रही है। इस बीच, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के सबसे करीबी जय सिंह कुशवाह की पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से भोपाल में मुलाकात के बाद चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। दोनों नेता आधे घंटे तक बंद कमरे में चर्चा करते रहे। सिंह के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। कुशवाह विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) के अध्यक्ष रह चुके हैं। 

इसके अलावा, कुशवाह लंबे समय से ग्वालियर पूर्व विधानसभा के टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल के भाजपा में आने के बाद एक बार फिर से उनकी दावेदारी खत्म हो गई। ऐसे में कमलनाथ से उनकी मुलाकात को दावेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है। कुशवाह ने मुलाकात की बात स्वीकार की है, लेकिन दावेदारी के मामले को सिरे से नकारा है। उनका कहना है कि दोनों के बीच अंचल के राजनीतिक समीकरणों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई है।

अपनी ही पार्टी से दुखी हो गए कुशवाह
पार्टी सूत्रों का कहना है कि कुशवाह भाजपा में लगातार अनदेखी से दुखी हैं और कांग्रेस से ऑफर मिलने पर दावेदारी कर सकते हैं। वे लंबे समय से पूर्व मुख्यमंत्री के संपर्क में थे। दो दिन पहले मुलाकात तय हुई और वे भोपाल स्थित बंगले पर पहुंच गए। हाल ही में पार्टी का जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर कमल माखीजानी के खिलाफ विरोध का झंडा उठाने वाले कुशवाह ने वर्ष 2008 में पूर्व विधानसभा से दावा किया था, लेकिन उस समय भाजपा नेतृत्व ने अनूप मिश्रा को प्रत्याशी बनाया था। इससे नाराज कुशवाह ने यह कहते हुए विरोध किया था कि प्रत्याशी स्थानीय होना चाहिए।



Log In Your Account