उपचुनाव की तैयारी:सांवेर विधानसभा में भाजपा के घर-घर तुलसी के बाद अब कांग्रेस का ‘हर-हर महादेव, घर-घर महादेव’ अभियान

Posted By: Himmat Jaithwar
7/19/2020

सांवेर विधानसभा में उपचुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ही मैदान में सक्रिय हो गए हैं। भाजपा ने पिछले दिनों विधानसभा में हर-हर मोदी, घर-घर तुलसी अभियान चलाया। वहीं, अब कांग्रेस ‘हर-हर महादेव, घर-घर महादेव’ अभियान चलाएगी। इसमें विधानसभा के सभी घरों में शिवलिंग और पूजन सामग्री का वितरण किया जाएगा।। कांग्रेस का यह अभियान सावन के तीसरे सोमवार से शुरू होगा।

पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू ने बताया कि आयोजन के लिए विधानसभा क्षेत्र को 60 सेक्टर में बांटा गया है। अभी तक 65 हजार से ज्यादा लोगों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। हर दिन 13 सेक्टर में शिवलिंग और पूजन सामग्री का वितरण होगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के साथ ही कोरोना संक्रमण दूर हो इसके लिए भगवान शिव से प्रार्थना भी की जाएगी। उन्होंने कहा कोरोना संक्रमण के चलते मंदिर खोलने की अनुमति प्रशासन ने नहीं दी है। इसको देखते हुए हमने घर-घर में लोग भगवान शिव का अभिषेक-पूजन करें, इसलिए यह अनुष्ठान शुरू किया है। अनुष्ठान के पहले दिन ग्राम पालिया, माता बरोड़ी, चंद्रावतीगंज, कछालिया ,धतुरिया, कुराना शिप्रा, मांगलिया, कनाडिया, खुड़ैल, कंपेल और सिवनी में कार्यक्रम होगा। 

गुड्डू ने कहा- जनता तैयार, सिलावट को जवाब देगी

गुड्डू ने मंत्री तुलसी सिलावट पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सांवेर की जनता की उन्होंने कभी सुध नहीं ली। अब उन्हें जनता याद आ रही है। उन्होंने कहा कि जब कोरोना संक्रमण ने प्रदेश में दस्तक दी थी, तब वे स्वास्थ्य मंत्री थे और बेंगलुरु के रिसोर्ट में सरकार गिराने में लगे थे। अब उपचुनाव में जनता उन्हें जवाब देगी। कांग्रेस की उपचुनाव में जीत तय है। जनता पूरी तरह से कांग्रेस के साथ है।



Log In Your Account