दिग्विजय सिंह ने कहा- राम मंदिर भूमि पूजन का मुहूर्त अशुभ, इसलिए गृह मंत्री से पुजारी तक संक्रमित; मोदीजी और कितने लोगों को अस्पताल भिजवाना चाहते हैं

Posted By: Himmat Jaithwar
8/3/2020

अयोध्या में जब से राम मंदिर निर्माण की आधारशिला रखने (5 अगस्त) की तिथि तय हुई है, देश के धर्मगुरुओं समेत तमाम लोग इसके मुहूर्त को अशुभ बता रहे हैं। इस मामले में सबसे ज्यादा मुखर हैं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह। वे इस मुहूर्त के खिलाफ एक अभियान-सा छेड़े हुए हैं। सोमवार सुबह उन्होंने एक के बाद एक कई ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरा। उन्होंने यहां तक कह दिया कि मंदिर पूजन के लिए हिंदू धर्म की मान्यताओं को नजरअंदाज किया गया है। उन्होंने कहा कि इसी के कारण देश के गृह मंत्री अमित शाह से लेकर राम मंदिर के पुजारी तक कोरोना संक्रमित हो गए हैं। एक ट्वीट में दिग्विजय ने अमित शाह को प्रधानमंत्री लिख दिया, बाद में उन्होंने इस पर खेद भी जताया।

दिग्विजय सिंह के अन्य ट्वीट

  • 5 अगस्त को भगवान राम के मंदिर के शिलान्यास के अशुभ मुहूर्त के बारे में विस्तार से जगदगुरू स्वामी स्वरूपानंदजी महाराज ने सचेत किया था। मोदीजी की सुविधा पर यह अशुभ मुहूर्त निकाला गया। यानि मोदीजी हिंदू धर्म की हजारों वर्षों की स्थापित मान्यताओं से बड़े हैं!! क्या यही हिंदुत्व है?

सनातन हिंदू धर्म की मान्यताओं को नजरअंदाज करने का नतीजा : दिग्विजय

1. राम मंदिर के समस्त पुजारी कोरोना पॉजिटिव।​2. उत्तर प्रदेश की मंत्री कमलरानी वरुण का कोरोना से निधन। 3. उत्तर प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष कोरोना पॉजिटिव। 4. देश के गृह मंत्री अमित शाह कोरोना पॉजिटिव। 5. मध्यप्रदेश के भाजपा के मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कोरोना पॉजिटिव। 6. कर्नाटक के भाजपा के मुख्यमंत्री कोरोना पॉजिटिव।

  • मोदीजी आप अशुभ मुहूर्त में भगवान राम मंदिर का शिलान्यास कर और कितने लोगों को अस्पताल भिजवाना चाहते हैं? योगीजी आप ही मोदीजी को समझाइए। आपके रहते हुए सनातन धर्म की सारी मर्यादाओं को क्यो तोड़ा जा रहा है? और आपकी क्या मजबूरी है जो आप यह सब होने दे रहे हैं?
  • अब एक और प्रश्न उपस्थित होता है। उत्तर प्रदेश की मंत्री की कोरोना से मौत हो गई। उत्तर प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष कोरोना पॉजिटिव, देश के गृहमंत्री कोरोना पॉजिटिव।
  • इन हालातों में क्या उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को क्वारैंटाइन नहीं होना चाहिए? क्या क्वारैंटाइन में जाने की बाध्यता केवल आम जनता के लिए है? प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री के लिए नहीं है? क्वारैंटाइन की समय सीमा 14 दिन की है।
  • मैं मोदीजी से फिर अनुरोध करता हूं- 5 अगस्त के अशुभ मुहूर्त को टाल दीजिए। सैकड़ों वर्षों के संघर्ष के बाद भगवान राम मंदिर निर्माण का योग आया है, अपनी हठधर्मिता से इसमें विघ्न पड़ने से रोकिए।
  • भगवान राम करोड़ों हिंदुओं के आस्था के केंद्र हैं और हजारों वर्षों की हमारे धर्म की स्थापित मान्यताओं के साथ खिलवाड़ मत करिए।
  • त्रुटि के लिए क्षमा प्रार्थी हूं। अमित शाह गृहमंत्री हैं ना कि प्रधानमंत्री। क्षमा करें।



Log In Your Account