राम का नाम भाजपा की बपौती नहीं- उमा भारती बोलीं; दिग्विजय सिंह ने कहा- शुक्रिया

Posted By: Himmat Jaithwar
8/4/2020

वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती का एक वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में उन्होंने कहा कि भगवान राम का नाम अयोध्या या भाजपा की बपौती नहीं है। राम सबके हैं। उन्होंने कहा, ‘जो राम को मानते हैं और भाजपा में हैं या नहीं हैं… चाहे वो किसी भी धर्म के हों या किसी भी पार्टी के हों… किसी भी समुदाय के हों, जो राम के नाम में आस्था रखते हैं वो विश्व में कहीं के भी निवासी हों, वो सब अधिकार रखते हैं कि अपनी राय दें।’ उमा भारती आगे कहती हैं, ‘उस अधिकार को रोकने का अगर हम अहंकार पाल लेंगे कि राम पर हमारा पेटेंट है। हम भूल रहे हैं कि हमारा अंत होना है और राम नाम का कभी अंत नहीं होना है।’

उमा भारती के इस वीडियो को कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने भी शेयर किया है। उन्होंने वीडियो शेयर कर लिखा, ‘धन्यवाद उमा।’ दरअसल दिग्विजय सिंह इन दिनों राम मंदिर के शिलान्यास के लिए घोषित पांच अगस्त को अशुभ मुहुर्त बताते पर निशाने पर हैं। उन्होंने पीएम मोदी से अपील करते हुए कहा कि शिलान्यास कार्यक्रम को स्थगति किया जाए और ये चतुर्मास खत्म होने के बाद किया जाए। सिंह ने कहा कि भारत में हजारों साल की सनातन धर्म की परंपराएं चली आ रहीं हैं। हमारे धर्म में हजारों वर्ष की जो संस्कार एवं संस्कृति है, उसमें चतुर्मास में ना कोई संत, ना कोई महात्मा अपने स्थान को छोड़ता है और कोई शुभ कार्य नहीं होता है। विशेषकर तो हर चीज के लिए मुहूर्त देखा जाता है।


दिग्विजय ने कहा कि मैं द्वारका व जोशीमठ के सबसे वरिष्ठ शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद जी महाराज का दीक्षित शिष्य हूं और उनसे मैंने यह बात पूछी कि जब पूरे देश में यह परंपरा चली आ रही है कि हर शुभ कार्य के लिए मुहूर्त देखा जाता है और चतुर्मास में कोई शुभ कार्य नहीं होता है, शादी नहीं होती है तो फिर राम मंदिर का शिलान्यास पांच अगस्त को चतुर्मास के महीने भादो में क्यों किया जा रहा है? उन्होंने कहा कि इसके जवाब में शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद जी ने वेदों से पूरा उल्लेख करते हुए और ज्योतिषाचार्य के जो बिन्दु हैं उनको देखते कहा, ‘यह बिल्कुल गलत हो रहा है।’


दिग्विजय ने बताया, ‘इसको मैंने अपने फेसबुक पर डाला। उन्होंने (शंकराचार्य ने) भी अपने फेसबुक पर डाला। अब यह संयोग ही कहिए या क्या कहिए कि (राम मंदिर के) जितने भी पुजारी हैं उनको कोरोना वायरस हो गया। उत्तर प्रदेश की मंत्री कमला रानी वरुण का दुखद देहांत हो गया कोरोना वायरस से, भारत के गृह मंत्री अमित शाह खुद कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए, उत्तर प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष (स्वतंत्र देव सिंह) कोरोना वायरस संक्रमण के बाद अस्पताल में, मध्यप्रदेश के भाजपा के मुख्यमंत्री (शिवराज सिंह चौहान) व भाजपा के मध्य प्रदेश अध्यक्ष (विष्णु दत्त शर्मा) कोरोना वायरस संक्रमण के बाद अस्पताल में, कर्नाटक के भाजपा के मुख्यमंत्री (बी एस येदियुरप्पा) कोरोना वायरस से संक्रमित होकर अस्पताल में हैं।

उल्लेखनीय है कि दिग्विजय सिंह के ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी प्रतिक्रियाएं दी हैं। ट्विटर यूजर @IMYUVACONGRESS लिखते हैं, ‘भाजपा का पाखंड दिन प्रतिदिन उजागर हो रहा है।’ मनीष शर्मा @ManishSharmash9 लिखते हैं, ‘लगता है कि दिग्विजय सिंह उमा जी का शाब्दिक अर्थ इस जीवन में समझ नहीं पाएंगे। उमा भारती ने राम को मानने वालों का जिक्र किया है, ना की वाड्रा और कांग्रेसियों के लिए जो उन्हें काल्पनिक मानते हैं।’




Log In Your Account