कृष्ण जन्माष्टमी पर कांग्रेसियों ने कमलनाथ को अर्जुन के भेष में दिखाया; विजयवर्गीय बोले- कांग्रेसियों ने चाटूकारिता की हद कर दी

Posted By: Himmat Jaithwar
8/12/2020

कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कांग्रेसियों ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को अर्जुन के भेष में दिखाकर पोस्टर लगाए हैं। इसको लेकर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता चाटुकारिता पर उतर आए हैं। कांग्रेसियों के चाटुकारिता की हद हो गई है। यह बात उन्होंने भाजपा के दिवंगत नेता स्व. राजेश जोशी स्मरण समारोह के आयोजन अवसर पर मीडिया से चर्चा में कही।

विजयवर्गीय ने दिवंगत जोशी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया।

विजयवर्गीय ने कहा कि विकास कार्य को रोकने के लिए राजेश जोशी की हत्या की गई। राजेशजी भले चले गए, लेकिन विकास कार्य नहीं रुका। हमने मिल क्षेत्र को शहर का नंबर एक क्षेत्र बनाया। इसमें राजेश भाई की प्रेरणा रही। उन्होंने विकास के लिए बलिदान दिया। उनका उद्देश्य गरीबों की सेवा करना था। इसलिए प्रतिवर्ष हम गरीब छात्रों के लिए कापियों की व्यवस्था करते हैं। विकलांगों के लिए साइकिल की व्यवस्था करते हैं। विधवा बहनों को सिलाई मशीन के साथ ही सालभर मदद करते हैं।

आयोजन में मुख्य अतिथि कैलाश विजयवर्गीय, विधायक रमेश मेंदोला, वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्ण मुरारी मोघे और भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे मौजूद रहे। सभी ने राजेश जोशी स्मरण दिवस पर स्कूली बच्चों को कॉपी, दिव्यांगों को ट्राइसिकिल और जरूरतमंद विधवा महिलाओं को सिलाई मशीन बांटी गई।



Log In Your Account