गहलोत खेमे के विधायक जैसलमेर से जयपुर रवाना, बस में गाना गुनगुनाया- ये मुरादों की हंसी रात किसे पेश करूं

Posted By: Himmat Jaithwar
8/12/2020

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खेमे के विधायकों की 31 दिन बाद बुधवार को बाड़ेबंदी खत्म हो गई। सभी विधायक विशेष विमान से जयपुर के लिए रवाना हो गए हैं। होटल से एयरपोर्ट तक के करीब आधे घंटे के सफर में कांग्रेस विधायक रिलेक्स नजर आए। बाड़ेबंदी खत्म होने की खुशी उनके चेहरों पर साफ दिखी। रास्ते में व्हिप चीफ महेश जोशी ने गाने गाए। बाकी विधायकों ने भी उनका साथ दिया।

सचिन पायलट खेमे के विधायकों के बागी तेवर के बाद जारी राजनीतिक संकट के दौरान इन विधायकों ने जयपुर और जैसलमेर की होटल में रखा गया था। पहले इन्हें 13 जुलाई को जयपुर के फेयरमोंट होटल में रखा गया। फिर 31 जुलाई को जैसलमेर के सूर्यगढ़ होटल ले जाया गया।

महेश जोशी ने सुनाया मो. रफी का गाना
महेश जोशी ने सबसे पहले मोहम्मद रफी का गाना 'रंग और नूर की बारात किसे पेश करूं, ये मुरादों की हंसीं रात किसे पेश करूं...गाकर सुनाया। बस में बैठे अन्य विधायकों ने जोशी से कुछ और नगमे पेश करने की जिद्द की। इसके बाद जोशी ने पंकज उधास की गजल 'ला पिला दे साकिया पैमाना पैमाने के बाद, होश की बातें करूंगा, होश में आने के बाद...सुनाया।

90 विधायक और 20 कांग्रेस नेता लौटे
जैसलमेर से 90 विधायक और 20 कांग्रेस नेता लौटे। इससे पहले मुख्यमंत्री मंगलवार सुबह जैसलमेर गए थे। वहां उन्होंने विधायकों से ताजा राजनीतिक हालात पर चर्चा की। शुक्रवार से विधानसभा सत्र शुरू होना है जो इस बार काफी हंगामेदार रहने के आसार हैं। उधर, गहलोत का भी इसी विमान से विधायकों के साथ जयपुर आने का कार्यक्रम था,लेकिन बाद में उनका जोधपुर जाना तय हुआ।

मुख्यमंत्री का काफिला एयरपोर्ट के लिए जाता हुआ। गहलोत जैसलमेर से जोधपुर गए।



Log In Your Account