कहा - पैसों के दम विधायक खरीदना और षड़यंत्र रचकर सत्ता हथियाना ही भाजपा का एकमात्र लक्ष्य

Posted By: Himmat Jaithwar
8/27/2020

पैसों के दम पर कब कौन सा विधायक खरीद लिया जाए, सत्ता के लिए किसके खिलाफ कौन सा षड़यंत्र रच दिया जाए वर्तमान राजनैतिक हालात देखकर इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। भारतीय जनता पार्टी जनमत को समाप्त करना चाहती है, आगामी उपचुनावाें में जनता के सामने लोकतंत्र बचाने का बड़ा मुद्दा रहेगा, हम लोकतंत्र पर विश्वास रखते हैं, इसलिए हम जनता की आवाज बनकर मैदान में उतरेंगे। इन बयानों के साथ प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने जबलपुर प्रवास के दौरान प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।

ज्योतिरादित्य सिंधिया पर साधा निशाना - पार्टी के पूर्व नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया पर श्री सिंह ने निशाना साधते हुए कहा कि सिंधिया नागपुर के दौरे पर हैं, नागपुर में लोग बाबा साहेब अम्बेडकर के स्मारक पर जाकर बुद्धम शरण गच्छामी कहते हैं, लेकिन िसंधिया संघ मुख्यालय गए और संघम शरण गच्छामी हो गए।

पूर्व सीएम ने किया पादुका पूजन - जिलहरीघाट स्थित प्रेमानंद आश्रम में चल रहे चातुर्मास में पहुंचे पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने जगद्गुरु रामानन्दाचार्य रामनरेशाचार्य महाराज का पादुका पूजन कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री तरुण भनोट, महंत श्यामदास नागा भी उपस्थित थे। इसके पूर्व सिंह ने बगलामुखी सिद्ध पीठ शंकराचार्य मठ में पूजन एवं अर्चन किया। ब्रह्मचारी चैतन्यानंद महाराज ने किशमिश व गुलाब के पुष्पों से भगवती का अर्चन करवाया। इस अवसर पर विधायक संजय यादव आदि उपस्थित थे।

डॉ. हार्डिकर ने नौजवानों की फौज खड़ी की थी

कांग्रेस सेवादल के संस्थापक डॉ. हार्डिकर के निर्वाण दिवस पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि डॉ. हार्डिकर महात्मा गांधी के उन्हीं सिपाहियों में से एक थे, जिन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ निर्भीक और समर्पित नौजवानों की फौज खड़ी की थी। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सेवादल अध्यक्ष डॉ. सत्येन्द्र यादव, सतीश तिवारी, मीनाक्षी स्वामी, संजय श्रीवास्तव, रुकमणि गोंटिया, रामदास यादव मौजूद रहे।



Log In Your Account