9 से 14 सितंबर तक उपचुनाव वाले क्षेत्रों के दौरे पर रहेंगे सीएम शिवराज, 2600 करोड़ के विकास कार्यों की देंगे सौगात

Posted By: Himmat Jaithwar
9/8/2020

भोपाल. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 9 से 14 सितम्बर तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे लगभग 1600 करोड़ के कार्यों का भूमि-पूजन और 1000 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 9 सितम्बर को स्टेट हैंगर भोपाल से आगर जिला के लिए प्रस्थान करेंगे तथा वहां स्थानी कार्यक्रम में भाग लेंगे। आगर मालवा से वे हाटपिपल्या जिला देवास के लिए प्रस्थान करेंगे तथा वहां स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां करीब 6000 लाख के कार्यों का भूमि-पूजन किया जाना है।

मुख्यमंत्री चौहान 10 को दिमनी, अम्बाह और मेहगांव के दौरे पर

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 10 सितम्बर को दिमनी, अम्बाह और मेहगांव विधानसभा क्षेत्रों के दौरे पर रहेंगे। मुरैना विधानसभा के अंतर्गत दिमनी में करीब 71 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और करीब 22 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण करेंगे। दिमनी से अम्बाह के लिए प्रस्थान करेंगे। यहां स्थानीय कार्यक्रम में करीब 62 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और करीब 21 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण किया जाना है। यहां से मेहगांव जिला भिण्ड के लिए प्रस्थान करेंगे। यहां मेहगांव के स्थानीय कार्यक्रम में करीब 204 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और करीब 7 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण किया जाना है।

11 को डबरा, भांडेर और पोहरी के दौरे पर मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 11 सितम्बर को विधानसभा डबरा, भांडेर और पोहरी के दौरे पर रहेंगे। शिवपुरी जिले के पोहरी के स्थानीय कार्यक्रम में करीब 279 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और करीब 10 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण किया जाना है। यहां से भांडेर जिला दतिया के लिए प्रस्थान करेंगे। भांडेर के स्थानीय कार्यक्रम में करीब 43 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और 17 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण किया जाना है। भांडेर से डबरा जिला ग्वालियर के लिए प्रस्थान करेंगे। यहां स्थानीय कार्यक्रम में करीब 73 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और करीब 77 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण किया जाना है।

12 को जौरा, सुमावली और मुरैना के दौरे पर

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 12 सितम्बर को जौरा, सुमावली और मुरैना के दौरे पर रहेंगे। यहां वे पीएम आवास योजना के अंतर्गत बनाए गए 1 लाख 50 हजार आवासों के गृह प्रवेश कार्यक्रम की वीडियो कांफ्रेंसिंग में शामिल होंगे। वे मुरैना के स्थानीय कार्यक्रम में 73 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और करीब 194 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण करेंगे। यहां से सुमावली के लिए प्रस्थान करेंगे। सुमावली के स्थानीय कार्यक्रम में करीब 76 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और 7 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण किया जाना है। यहां से जौरा जिला मुरैना के लिए प्रस्थान करेंगे। यहां स्थानीय कार्यक्रम में करीब 34 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और 8 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण किया जाना है।

13 को करैरा, गोहद और ग्वालियर के दौरे पर

मुख्यमंत्री 13 सितम्बर को करैरा, गोहद और ग्वालियर पूर्व के दौरे पर रहेंगे। यहां जिला शिवपुरी की विधानसभा करैरा के स्थानीय कार्यक्रम में करीब 61 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और करीब 135 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण किया जाना है। करैरा से गोहद जिला भिण्ड के लिए प्रस्थान करेंगे। यहां स्थानीय कार्यक्रम में करीब 317 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और करीब 18 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण किया जाना है। इसके बाद जिला ग्वालियर विधानसभा ग्वालियर में करीब 85 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और करीब 21 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण करेंगे। यहां से ग्वालियर के लिए प्रस्थान करेंगे। यहां ग्वालियर विधानसभा ग्वालियर ( पूर्व ) के स्थानीय कार्यक्रम में करीब 106 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और करीब 383 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण करेंगे।

14 को मांधाता/ नेपानगर के दौरे पर

मुख्यमंत्री 14 सितम्बर को मांधाता/ नेपानगर के दौरे पर रहेंगे। प्रातः स्टेट हैंगर भोपाल से मांधाता जिला खंडवा के लिए प्रस्थान करेंगे। यहां जिला खंडवा विधानसभा मांधाता के स्थानीय कार्यक्रम में करीब 7 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और करीब 10 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद जिला बुरहानपुर विधानसभा नेपानगर में करीब 52 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और करीब 7 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण करेंगे। मंधाता से नेपानगर जिला बुरहानपुर के लिए प्रस्थान करेंगे और यहां के स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।



Log In Your Account