कमलनाथ के भोपाल पहुंचने से पहले ही हो गया 'खेल', सरकार पर बड़ा संकट

Posted By: Himmat Jaithwar
3/9/2020

भोपाल/ सोनिया गांधी से मिलने के बाद सीएम कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस में कोई अंदरूनी कलह नहीं है। मुलाकात के कुछ घंटों बाद ही खुलकर कलह सामने आ गई। ज्योतिरादित्य सिंधिया खेमे के लोगों से अचानक संपर्क टूटने के लगा। कई मंत्रियों के बारे में यह खबर आने लगी कि वह गायब हैं। उसके बाद कमलनाथ दिल्ली दौरा छोड़कर वापस भोपाल लौट रहे हैं।
दरअसल, दिल्ली में सीएम कमलनाथ की कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से करीब पंद्रह मिनट की मुलाकात हुई। मुलाकात के बाद वह बाहर निकले तो मीडिया से कहा कि कांग्रेस में कोई अंदरूनी कलह नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी से हर मुद्दे पर बात हुई है। प्रदेश की हर स्थिति से उन्हें अवगत कराया है। सरकार पर कोई खतरा नहीं है, सभी विधायक वापस लौट रहे हैं।
सिंधिया पर मौन
वहीं, राज्यसभा में ज्योतिरादित्य सिंधिया को भेजे जाने को लेकर जब सीएम कमलनाथ से सवाल किया गया तो वह चुप हो गए। उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया कि वह जाएंगे या नहीं। उसके बाद वह वहां से निकल गए। साथ ही उन्होंने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि बीजेपी से अब रहा नहीं जा रहा है। पंद्रह साल का भ्रष्टाचार अब उजागर हो रहा है। इसलिए वह व्याकुल हैं।

सिंधिया समर्थकों से टूटने लगा संपर्क
सीएम कमलनाथ सोनिया गांधी से बात कर राहत की सांस ले ही रहे थे कि कांग्रेस में बगावत और बढ़ गई। साथ ही सरकार पर संकट भी बढ़ गया। सिंधिया खेमे के मंत्रियों औऱ विधायकों से संपर्क टूटने लगा। कई मंत्रियों के फोन बंद मिल रहे हैं। वहीं, उनके स्टॉफ भी मंत्रियों के बारे में सही लोकेशन नहीं दे रहे हैं। ऐसे में किसी को पता नहीं कि वहां कहां गए हैं।

भोपाल से दिल्ली तक खलबली
सिंधिया खेमे के बागी होने के बाद कांग्रेस में दिल्ली से लेकर भोपाल तक खलबली मच गई है। कमलनाथ दिल्ली दौरा छोड़कर भोपाल लौट रहे हैं। वहीं दिग्विजय सिंह भी भोपाल में कैंप किए हुए हैं। सिंधिया खेमे के किसी भी लोग से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। सभी के फोन बंद बताए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि सभी बेंगलुरू पहुंच गए हैं। अब सिंधिया के लोग आरपार की मूड में हैं।


राज्यसभा और प्रदेश अध्यक्ष की मांग
सिंधिया के समर्थक इस बात पर अड़े हैं कि महाराज को राज्यसभा भी भेजा जाए। साथ ही उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी दी जाए। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आलाकमान इसके लिए तैयार नहीं है। उसके बाद सिंधिया के लोग खुलकर सामने आ गए हैं। सीएम के भोपाल पहुंचने से पहले ही सभी ने खेला कर दिया है। कहा जा रहा है कि फैसला आने के बाद ही ये लोग मानेंगे।



Log In Your Account