मंत्री इमरती देवी के पति कौन हैं, कभी दिखाई क्यों नहीं देते: कांग्रेस उम्मीदवार का सवाल

Posted By: Himmat Jaithwar
9/21/2020

ग्वालियर। डबरा विधानसभा सीट से कांग्रेस पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार श्री सुरेश राजे ने खुला सवाल किया है कि मध्यप्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती इमरती देवी के पति कौन हैं। किसी भी कार्यक्रम में उनके साथ उनके पति दिखाई क्यों नहीं देते हैं। दरअसल, व्यक्तिगत सवाल इसलिए किया गया क्योंकि कहा जा रहा था कि भाजपा की प्रत्याशी श्रीमती इमरती देवी और कांग्रेस प्रत्याशी श्री सुरेश राजे आपस में समधी है।

कांग्रेस प्रत्याशी श्री सुरेश राजे ने कहा कि हमारा तो आधार है। कई सालों से राजनीति कर रहे हैं, लेकिन इमरती देवी बताएं कि उनका आधार क्या है। अभी तो राजनीति में आई हैं। हम रिश्तेदार हैं, लेकिन उससे कोई लेना-देना नहीं है। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस प्रत्याशी के इस सवाल पर आपत्ति उठाई है परंतु सोशल मीडिया पर सवाल का समर्थन भी किया जा रहा है। व्यक्तिगत जीवन की घटनाएं निश्चित रूप से सार्वजनिक जीवन को प्रभावित करती हैं।

भाजपा की मांग- कांग्रेस राजे को तत्काल पार्टी से निकाले

भाजपा की प्रवक्ता नेहा बग्गा ने कहा कि राजे सार्वजनिक माफी मांगे। कांग्रेस पार्टी राजे को पार्टी से बाहर करे। कांग्रेस महिलाओं का सम्मान नहीं करती है। वह लगातार चाहे जीतू पटवारी हो या शशांक भार्गव। कांग्रेस नेताओं द्वारा महिलाओं का अपमान किया जाता है। जिस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला है, उस पार्टी में महिला के खिलाफ इस तरह के शब्दों का उपयोग करना पार्टी की विचारधारा बताता है।



Log In Your Account