नरोत्तम मिश्रा बोले- 15 महीने की सरकार में कमलनाथजी गरीबों के दर्द को समझते भी कैसे, उद्योगपति हैं, सोने का चम्मच मुंह में लेकर पैदा हुए थे

Posted By: Himmat Jaithwar
9/23/2020

मध्य प्रदेश में 15 महीने कांग्रेस की सरकार रही। कमलनाथजी मुख्यमंत्री रहे, उन्होंने गरीब के दर्द और पीड़ा को समझा ही नहीं। समझते भी कैसे- उद्योगपति हैं, बड़े आदमी के बेटे थे, सोने का चम्मच मुंह में लेकर पैदा हुए थे, गरीब का दर्द वे कहां जानते। अपने यहां शास्त्र में कहा गया है कि जाके पांव ना फटी बेमाई, वाे का जाने पीर पराई। सोने का चम्मच लेकर पैदा होने वाले कमलनाथजी को इस दर्द का एहसास ही नहीं है। दर्द का एहसास है भाजपा को, उसके नेताओं को और हमारे मुख्यमंत्री को, क्योंकि वे गरीब और किसान के बेटे हैं। यह बात प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बुधवार को रवींद्र नाट्यगृह में कही। वे यहां अनुग्रह सहायता राशि वितरण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।

गृह मंत्री मिश्रा, मंत्री सिलावट समेत अन्य नेताओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम को शुरू किया।
गृह मंत्री मिश्रा, मंत्री सिलावट समेत अन्य नेताओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम को शुरू किया।

मिश्रा ने कहा कि आप उनके काम की कड़ी को देखें और हमारे काम को देखें। कन्या विवाह योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना लागू की तो भाजपा ने। एक रुपए किलो चावल, एक रुपए किलो चावल और एक रुपए किलो नमक देने का काम भाजपा ने किया। यह भाव कभी कांग्रेस के मन में नहीं आया। प्रधानमंत्री आवास देने का भाव मन में आया तो हमारे प्रधानमंत्री मोदीजी को आया। उन्होंने कहा कि भाजपा और शिवराज के मन में दर्द है, इसलिए उन्होंने गरीबों के लिए कई योजनाएं शुरू कीं। संबल योजना भी इसी का हिस्सा है। कांग्रेस की 15 महीने की सरकार ने जनता को सिर्फ धोखा दिया। जनता को धोखा देने के कारण ही मंत्री सिलावट ने कांग्रेस को छोड़ दिया और भाजपा से जुड़े। उन्होंंने कहा- काम तो भाजपा करती है। बाकी की पार्टियां तो सिर्फ बातें करती हैं। मिश्रा ने इंदौर के लोगों की तारीफ करते हुए कहा कि प्रवासी मजदूरों की मदद करके इंदौर ने मिसाल पेश की है।

मुख्यमंत्री ने भोपाल से कार्यक्रम को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने भोपाल से कार्यक्रम को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में संबल योजना अंतर्गत हितग्राहियों को सिंगल क्लिक के माध्यम से अनुग्रह सहायता राशि का हितग्राहियों के खातों में वितरण किया। संबल योजना के तहत 3700 हितग्राहियों के खाते में 80 करोड़ की सहायता राशि पहुंची। मुख्यमंत्री के उद्बोधन का लाइव प्रसारण रविंद्र नाट्य ग्रह में हुआ। गृह मंत्री ने मंच से कुछ हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए। कार्यक्रम में गृह मंत्री के साथ जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, बीजेपी विधायक रमेश मेंदोला, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता समेत निगम और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

रवींद्र नाट्यगृह में सीएम के भाषण का लाइव प्रसारण हुआ।
रवींद्र नाट्यगृह में सीएम के भाषण का लाइव प्रसारण हुआ।

कैदियों की पैरोल दो महीने और बढ़ाई
गृहमंत्री ने मीडिया से कहा कि कांग्रेस सरकार ने संबल योजना को बंद कर दिया था, यह बहुत ही दुखद था। सांवेर जेल को लेकर कहा कि निर्माण कार्य बहुत जल्दी शुरू होगा। हम आज ही सांवेर जेल को लेकर राशि मंजूर कर देंगे। कैदियों को लेकर कहा कि जो कैदी कोरोना को लेकर 4 महीने से पैरोल पर थे। उसे दो महीने और बढ़ा दिया गया है। अस्पतालों में लापरवाही को लेकर कहा कि सभी के खिलाफ जांच के बाद कार्रवाई होगी। किसानों के कर्जमाफी को लेकर कहा कि दो हजार और चार हजार रुपए कर्ज माफ हुए हैं। हम बात कर रहे हैं 2 लाख रुपए के कर्जमाफी की, वो नहीं हुए हैं। आप तो कांग्रेस-भाजपा के चक्कर में मत आओ। आप मीडिया वाले किसी गांव में सीधे जाओ, 10 दिन के भीतर राहुल गांधी जो 2 लाख का कर्ज माफ करने का कहकर गए थे। गांव के 10 किसानों से पूछ लो, उनके एक लाख हुए हों, डेढ़ लाख हुए हों, दो लाख हुए हों। उन्हें कैमरे के सामने बिठा तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।



Log In Your Account