शिवराज ने कहा- भाजपा सरकार बनी रहे, इसके लिए जुटना होगा; पार्टी ने चुनाव तक कैलाश समेत केंद्रीय पदाधिकारियों कोे मप्र में रहने को कहा

Posted By: Himmat Jaithwar
10/1/2020

भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की टीम में शामिल मप्र के नेताओं को पार्टी ने चुनाव में जुटने के लिए कहा है। उनके सम्मान के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 28 सीटों पर उपचुनाव के लिए बिगुल बज गया है। पिछली कांग्रेस की सरकार निकम्मी थी। पार्टी के कार्यकर्ताओं को कुचल रही थी, इसीलिए भाजपा ने सरकार बनाई, लेकिन अब ये सरकार बनी रहे, इसके लिए सभी को पूरी ताकत लगानी होगी।

पार्टी ने कैलाश विजयवर्गीय को दोबारा राष्ट्रीय महामंत्री बनाया है, उनके कंधों पर पश्चिम बंगाल की जवाबदारी है, लेकिन 3 नवंबर तक उन्हें मप्र में ही रहना होगा। उनकी उपचुनाव में जरूरत भी है। इससे पहले केंद्रीय टीम में शामिल विजयवर्गीय, राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धुर्वे, सह कोषाध्यक्ष सुधीर गुप्ता और अजा मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य का स्वागत किया गया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि केंद्रीय नेताओं ने मप्र को जिम्मेदारी देकर विश्वास व्यक्त किया है।

विजयवर्गीय ने कहा कि केंद्र ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे तो पूरा करूंगा ही, लेकिन पहले मप्र का कार्यकर्ता हूं। संगठन महामंत्री सुहास भगत ने बताया कि नवनियुक्त सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा का मुख्यालय भोपाल रहेगा। सांसद ज्याेतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि पार्टी ने चार रत्नों का मान बढ़ाया है। जब बड़े से बड़े नेता आम कार्यकर्ता के रूप में कार्य करते हैं तो पार्टी मजबूत होती है। राष्ट्रीय महामंत्री विजयवर्गीय ने हम सबको रास्ता दिखाया है।



Log In Your Account